एसीबी अधिकारी बनकर धमतरी में लूट की कोशिश, कोरिया भाजयुमो अध्यक्ष हितेश सिंह पर लगा वसूली का गंभीर आरोप
नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरिया/धमतरी। छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी दल के युवा मोर्चा के एक बड़े नेता की संलिप्तता के आरोपों ने जिले की राजनीति में भूचाल ला दिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कोरिया जिला अध्यक्ष हितेश सिंह पर धमतरी में एक शेयर ट्रेडर के घर में घुसकर खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) का अधिकारी बताकर धमकाने और वसूली की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। कोरिया जिले के भाजयुमो अध्यक्ष हितेश सिंह पर लगे संगीन आरोपों ने सबको हैरान कर दिया है। धमतरी जिले के रुद्री थाना क्षेत्र के सोरम गाँव में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमतरी के बड़े हिंदू नेता रामचंद देवांगन और कोरिया जिले के पटना नगर पंचायत निवासी हिन्दूवादी संगठन से जुड़े नेता नागेंद्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस पूरे मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल भाजयुमो जिलाध्यक्ष हितेश सिंह पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में रुद्री पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
क्या था ‘फर्जी एसीबी’ का प्लान ?
पुलिस के अनुसार, फरार हितेश सिंह, रामचंद देवांगन और नागेंद्र पटेल पर आरोप है कि वे तीनों रुद्री थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडर कोनाल साहू के मकान में घुस गए। उस समय कोनाल साहू दिल्ली में थे। आरोपियों ने कोनाल के परिजनों से बदसलूकी की और खुद को एसीबी अधिकारी बताकर उन्हें केस में फंसा देने की धमकी दी। उन्होंने मामला सेटल करने के एवज में रायपुर आकर लाखों रुपये की डील करने का ऑफर दिया। धमकाने के बाद तीनों आरोपी घर में रखे सभी मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी जबरदस्ती अपने साथ ले गए।
सीसीटीवी से खुली पहचान, बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
घटना की जानकारी मिलने पर कोनाल साहू तुरंत अपने गाँव पहुँचे। उन्होंने जब घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें तीनों आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद कोनाल साहू की तरफ से रुद्री थाने में हितेश सिंह समेत तीनों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई। रुद्री पुलिस ने इस गंभीर मामले में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 319, 331, 308, 351 और 3 के तहत अपराध कायम किया है। इस मामले में रामचंद देवांगन (रिटायर्ड आर्मी पर्सन) और पटना नगर पंचायत निवासी नागेंद्र पटेल की गिरफ्तारी हो चुकी है। रामचंद देवांगन के रिटायर्ड आर्मी पर्सन होने और हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने के कारण यह घटना धमतरी में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, कोरिया जिले के सबसे बड़े युवा मोर्चा के नेता का नाम इस तरह के आपराधिक मामले में सामने आने से संगठन की छवि को बड़ा झटका लगा है।







