कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने जिला प्रशासन मुस्तैद, जिला पंचायत CEO अंकिता सोम ने दी जानकारी
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के तहत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में जन-जन तक शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिले के तीन प्रमुख विकासखंडों—खड़गवां, मनेंद्रगढ़ और भरतपुर में तीन जिला स्तरीय शिविरों की तिथियां, स्थल तथा प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम द्वारा प्रदान की गई है।
शिविरों का पूरा शेड्यूल और प्रभारी अधिकारी:
जिला प्रशासन द्वारा जारी तिथिवार कार्यक्रम के अनुसार शिविरों का आयोजन निम्न प्रकार रहेगा:
खड़गवां विकासखंड:
- तिथि: 04 अक्टूबर 2026
- स्थान: जनपद पंचायत खड़गवां मैदान
- प्रभारी अधिकारी: वीरेंद्र सिंह सारथी (अनुविभागीय अधिकारी रा.)
- सहायक प्रभारी अधिकारी: रूपेश बंजारे (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत खड़गवां)
मनेंद्रगढ़ विकासखंड:
- तिथि: 05 अक्टूबर 2026
- स्थान: स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान, मनेंद्रगढ़
- प्रभारी अधिकारी: लिंगराज सिंदार (अनुविभागीय अधिकारी रा.)
- सहायक प्रभारी अधिकारी: वैशाली सिंह (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़)
भरतपुर विकासखंड:
- तिथि: 07 अक्टूबर 2026
- स्थान: इन्द्रप्रस्थ स्टेडियम, जनकपुर
- प्रभारी अधिकारी: शशि शेखर मिश्रा (अनुविभागीय अधिकारी रा.)
- सहायक प्रभारी अधिकारी: अजय कुमार राठौर (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत भरतपुर)
विभिन्न विभागों को सौंपी गईं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां:
जिला स्तरीय शिविरों के सुचारू व व्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न शासकीय विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश व दायित्व सौंपे गए हैं:
- स्टॉल व स्थल आवंटन: संबंधित एसडीएम (राजस्व) एवं जनपद सीईओ द्वारा विभागों के लिए स्टॉल स्थल का आवंटन किया जाएगा। शिविर से एक दिन पूर्व सभी विभागों को बैनर-पोस्टर, विभागीय साहित्य व आवश्यक साज-सज्जा पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
- सुरक्षा एवं बैरिकेडिंग: वनमंडलाधिकारी मनेंद्रगढ़ एवं कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा बांस-बल्ली व रस्सी से बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी।
- प्रवेश द्वार व स्वल्पाहार: संबंधित जनपद पंचायत सीईओ द्वारा प्रवेश द्वार, मंच व्यवस्था एवं स्वल्पाहार का प्रबंधन देखा जाएगा।
- पेयजल व निर्बाध विद्युत आपूर्ति: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा टैंकर व पेयजल तथा विद्युत मंडल द्वारा जनरेटर व निर्बाध बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
- चिकित्सा सुविधा: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार स्टॉल तैनात किया जाएगा।
- कानून व यातायात व्यवस्था: अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा एसडीओपी पुलिस समन्वय स्थापित कर पृथक आदेश जारी करेंगे।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े एवं जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इन शिविरों में उपस्थित होकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं मौके पर ही अपनी समस्याओं का समाधान कराकर योजनाओं का लाभ उठाएं।
About The Author











































