• विदेश मंत्रालय ने SING फोरम के लिए छत्तीसगढ़ को किया नामित, सिंगापुर के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने किया आत्मीय स्वागत
• CEO राउंडटेबल में प्रमुख वैश्विक उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ होगी सीधी चर्चा
• नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधन और सुदृढ़ अधोसंरचना के बल पर राज्य को प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने की कवायद
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर / सिंगापुर: छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर एक मजबूत और आकर्षक पहचान दिलाने की दिशा में आज एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया गया। राज्य में औद्योगिकीकरण और निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर आगमन पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम ‘SING फोरम 2026’ में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को विशेष रूप से नामित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की अपार संभावनाओं और निवेश के आकर्षक अवसरों को दुनिया के शीर्ष निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का स्वर्णिम अवसर मिलेगा।
CEO राउंडटेबल में दिखेगा छत्तीसगढ़ का सामर्थ्य
सिंगापुर यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय SING फोरम 2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर और अंतरराष्ट्रीय जगत के प्रमुख निवेशकों तथा उद्योगपतियों से विस्तृत चर्चा करेंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के उभरते क्षेत्रों, औद्योगिक विकास, व्यापारिक अनुकूलता और निवेश के मौकों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।
वैश्विक निवेश गंतव्य बनने की ओर छत्तीसगढ़
यात्रा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट और दृढ़ संकल्प छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी निवेश गंतव्यों में स्थापित करना है।
“प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन तथा नए उभरते क्षेत्रों के बल पर छत्तीसगढ़ विश्वस्तरीय निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है। वैश्विक निवेश मानचित्र पर राज्य की मजबूत पहचान बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान
विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ का चयन और इस फोरम में मुख्यमंत्री की सहभागिता, राज्य के विकास मॉडल और औद्योगिक नीतियों पर केंद्र सरकार के विश्वास को दर्शाती है। SING फोरम 2026 वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की क्षमताओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने और राज्य में भारी विदेशी निवेश आकर्षित करने के दृष्टिकोण से एक मील का पत्थर साबित होगी।
About The Author











































