राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा और चुनाव आयोग पर बोला तीखा हमला; कहा— ‘पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों से कोई समझौता नहीं’
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” के तहत राजीव भवन बालोद में एक महत्वपूर्ण पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा आयोजित इस प्रेसवार्ता में भारत निर्वाचन आयोग के कथित संस्थागत कब्जे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल गिरफ्तार कर पद से हटाने की पुरजोर मांग उठाई गई।
स्वतंत्र संस्थाओं की विश्वसनीयता पर उठे गंभीर सवाल
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि हालिया घटनाक्रमों और विभिन्न सार्वजनिक रिपोर्टों ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। देश की चुनावी व्यवस्था को लेकर जो आशंकाएं लंबे समय से जताई जा रही थीं, वे अब राष्ट्रीय बहस का मुख्य विषय बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मार्गदर्शन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इस लड़ाई को संसद से लेकर सड़क तक लड़ रही है। बिहार की वोटर अधिकार यात्रा से लेकर कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा में मतदाता सूचियों में अनियमितताओं, EVM की विश्वसनीयता और चुनावी पारदर्शिता जैसे मुद्दों को अब पूरा देश गंभीरता से देख रहा है।
13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप
चंद्रेश हिरवानी ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान 13 करोड़ 30 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) और अनुच्छेद 326 (सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार) का सीधा उल्लंघन है।
उन्होंने दावा किया कि रिपोर्टों के अनुसार, दो निर्वाचन आयुक्तों ने दस महीनों में चौदह आपत्तियां दर्ज कराईं और SIR में इस्तेमाल किए गए फॉर्म 6 में बदलावों को अनधिकृत बताया। हिरवानी ने आरोप लगाया कि देशव्यापी प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों का नियंत्रण सत्ता पक्ष समर्थित अधिकारियों के हाथों में केंद्रित किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।
लोकतंत्र की आत्मा नागरिकों का मताधिकार: संगीता सिन्हा
संजारी बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने प्रेसवार्ता में कहा कि लोकतंत्र की आत्मा नागरिकों के मताधिकार में निहित है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल गिरफ्तार कर बर्खास्त करने, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने और हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम पुनः जोड़ने की मांग की।
संगीता सिन्हा ने दोहराया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नागरिकों के मतदान अधिकारों की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेसवार्ता में प्रमुख कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
इस पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, महामंत्री शंभू साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, वैभव शर्मा, कमल टुवानी, देवेंद्र साहू और सुनील मंडावी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
About The Author











































