बलौदाबाजार के आरोग्यम और ओमकार हॉस्पिटल का आयुष्मान पंजीयन 3 माह के लिए सस्पेंड
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। मरीजों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नियमानुसार उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी कड़ी में, स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलौदाबाजार जिले में संचालित दो निजी अस्पतालों—आरोग्यम हॉस्पिटल सिमगा और ओमकार हॉस्पिटल बलौदाबाजार—के आयुष्मान पंजीयन को तत्काल प्रभाव से 3 माह के लिए निलंबित कर दिया है। यह सख्त कदम तब उठाया गया, जब जाँच में दोनों अस्पतालों में स्टाफ की योग्यता, आवश्यक मेडिकल उपकरणों और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली में गंभीर खामियाँ पाई गईं, जिससे सीधे तौर पर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ हो रहा था। यह कार्रवाई स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग के सख्त रुख को दर्शाती है।
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : स्वास्थ्य मंत्री का सख्त संदेश
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल जी ने इस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मंत्री जायसवाल ने कहा:
”आयुष्मान योजना का उद्देश्य हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज देना है, न कि केवल कागजी खानापूर्ति करना। अस्पतालों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नियमों का पालन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी निजी या सरकारी अस्पताल में मरीजों की जान से खिलवाड़ या नियमों की अनदेखी पाई जाती है, तो ऐसे संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के मामले में ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ अपनाई है।”
जाँच में खुली अनियमितताओं की पोल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा कराए गए औचक निरीक्षण में दोनों अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इनमें अस्पताल स्टाफ की योग्यता का सत्यापन न होना, आवश्यक मेडिकल उपकरणों का अभाव, केस शीट और उपचार रजिस्टर में गंभीर गड़बड़ियाँ, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का कमजोर होना, दवाइयों और प्रक्रियाओं की गलत प्रविष्टियां तथा मरीजों की देखरेख में बड़ी खामियां शामिल थीं। गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद दोनों अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर राज्य नोडल एजेंसी को कार्यवाही की अनुशंसा की गई। इस अनुशंसा के आधार पर ही आरोग्यम हॉस्पिटल सिमगा और ओमकार हॉस्पिटल बलौदाबाजार का आयुष्मान पंजीयन 3 माह के लिए सस्पेंड किया गया है।







