खेल अधोसंरचना के विकास से निखर रही प्रदेश की प्रतिभाएँ, छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ की माटी की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर आज पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित एक गरिमामय समारोह में आकांक्षा को उनकी उपलब्धियों के लिए टाटा सिएरा कार उपहार स्वरूप प्रदान की। यह सम्मान आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत और उसमें छत्तीसगढ़ की बेटी के महत्वपूर्ण योगदान के उपलक्ष्य में दिया गया है।
बेटियों की जीत से देश का गौरव बढ़ा: मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर पूरे देश का मस्तक ऊँचा किया है। उन्होंने टाटा मोटर्स की इस पहल की सराहना की और कहा:
“प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के निरंतर विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बस्तर और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से सुदूर वनांचलों के युवा भी अब मुख्यधारा के खेलों से जुड़ रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आकांक्षा का यह जज्बा और आत्मविश्वास आने वाले समय में अन्य बेटियों को भी वैश्विक मंच पर चमकने के लिए प्रेरित करेगा।
“अभिभावक जैसा स्नेह मिला”: आकांक्षा सत्यवंशी
मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर भावुक हुईं आकांक्षा सत्यवंशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर जो स्नेह दिया, वह एक अभिभावक की तरह है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह प्रोत्साहन उनका मनोबल हमेशा बढ़ाता रहेगा। आकांक्षा ने टीम की फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में अपनी भूमिका और विश्व कप के रोमांचक सफर की यादें भी साझा कीं।



टाटा मोटर्स का विशेष उपहार
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले वर्ष अपना पहला महिला विश्व कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इस उपलब्धि के सम्मान में टाटा मोटर्स ने टीम की प्रत्येक खिलाड़ी और महत्वपूर्ण स्टाफ को सिएरा एसयूवी का टॉप-एंड मॉडल भेंट करने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की निवासी आकांक्षा को आज मुख्यमंत्री के हाथों यह कार सौंपी गई।
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
इस विशेष अवसर पर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रदेश में नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने और खेल सुविधाओं के विस्तार से खिलाड़ियों के बीच एक सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है।




