पूर्व जॉइंट कमिश्नर संजय शर्मा के नेतृत्व में ‘हैप्पी क्लास’ का भव्य आगाज़,बयुवाओं और महिलाओं ने दिखाई भारी दिलचस्पी, कल रविवार को भी सजेगी क्लास
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़। महानगरों की आधुनिक फिटनेस संस्कृति अब मनेन्द्रगढ़ के हृदय स्थल में दस्तक दे चुकी है। शनिवार सुबह नदीपार स्थित स्व. बिसाहुदास महंत स्मृति पार्क में स्वास्थ्य और आनंद का एक अनूठा संगम देखने को मिला। यहाँ आयोजित ‘निःशुल्क एरोबिक और जुंबा फिटनेस क्लास’ के पहले ही दिन जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘स्वस्थ शरीर और खुशहाल मन’ के संकल्प के साथ शुरू हुए इस आयोजन में शहर के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने संगीत की धुन पर थिरकते हुए अपनी सेहत के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
प्रशासनिक अनुशासन और फिटनेस का मेल
इस विशेष सत्र का संचालन स्वयं कमांडिंग ऑफिसर व पूर्व जॉइंट कमिश्नर (रोड सेफ्टी एवं एआईजी ट्रैफिक) संजय शर्मा ने किया। उनके ऊर्जावान मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने न केवल पसीना बहाया, बल्कि तनाव मुक्त होने के गुर भी सीखे। पार्क का शांत वातावरण संगीत और जोश से भर उठा, जिसकी शहरवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।



वी क्लब के सहयोग से सफल आयोजन
यह महत्वपूर्ण पहल वी क्लब की डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट मनीषा सोनी की आधिकारिक यात्रा के उपलक्ष्य में की गई है। आयोजन को सफल बनाने में वी क्लब की प्रभा पटेल (पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष) और पूर्व डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट व वरिष्ठ समाजसेविका अनीता फरमानी का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति ने बताया कि शहरवासियों को आधुनिक जीवनशैली के तनाव से मुक्त करना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
कल रविवार को फिर जमेगी क्लास
आज के आयोजन की अपार सफलता के बाद, आयोजकों ने घोषणा की है कि यह सत्र कल रविवार को भी सुबह 6:30 से 7:30 बजे तक स्व. बिसाहुदास महंत स्मृति पार्क में जारी रहेगा। आज शामिल हुए प्रतिभागियों का कहना है कि शहर में इस तरह के आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता थी, जिससे न केवल वजन कम करने बल्कि मानसिक शांति पाने में भी मदद मिल रही है।




