रविकांत सिंह राजपूत। मनेन्द्रगढ़। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में श्रमिक महासम्मेलन एवं श्रमश्री अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत और ट्रेड यूनियन कौंसिल छत्तीसगढ़ के प्रान्ताध्यक्ष डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता डॉ. महंत ने श्रमिकों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सम्मान के लिए 1 मई को विश्व भर में मजदूर दिवस मनाया जाता है। उन्होंने मनेन्द्रगढ़ में आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। डॉ. महंत ने कहा कि विश्व का सारा निर्माण श्रमिकों के हाथों और पसीने से हुआ है, न कि सेठ-साहूकारों से।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष श्रीवास्तव ने बताया कि देश में 70 प्रतिशत से अधिक परिवार श्रमिक पृष्ठभूमि से आते हैं। कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए श्रीवास्तव ने पूर्व विधायक गुलाब कमरो को यूनियन का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।



समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकारों और सम्मान पर विशेष जोर दिया गया।






