अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश सचिव बिलाल मेमन की मौजूदगी में हुआ ऐतिहासिक आयोजन; युवाओं के रोजगार और शिक्षा के मुद्दों को संसद तक ले जाने का संकल्प
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर/मनेन्द्रगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के बिलासपुर आगमन पर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही। मौका था “छात्रों की गूंज–छात्र संवाद” कार्यक्रम का, जहां यश पैलेस में प्रदेशभर से जुटे हजारों छात्र-युवाओं के बीच सीधे और बेबाक संवाद ने एक नई ऊर्जा फूंक दी। इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन में मनेन्द्रगढ़ से विशेष रूप से पहुंचे अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सचिव बिलाल मेमन ने कार्यक्रम की कमान संभालते हुए युवाओं की आवाज को प्रमुखता से मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम में इमरान प्रतापगढ़ी ने शिक्षा, रोजगार, युवा सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि देश के युवाओं की आवाज और उनके हक की लड़ाई को वे सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे।

बिलाल मेमन ने किया हुंकार का समर्थन: “यह केवल राजनीति नहीं, युवाओं के हक का मंच है”
कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए मनेन्द्रगढ़ के तेजतर्रार युवा नेता और अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सचिव बिलाल मेमन ने इस दौरे को ऐतिहासिक करार दिया।
बिलाल मेमन ने कहा—
“राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी जी का यह बिलासपुर दौरा महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के छात्र-युवाओं के सपनों, उनकी आकांक्षाओं और अधिकारों को आवाज देने वाला एक सशक्त मंच साबित हुआ है। आज युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में आ रही दिक्कतों और अपने सामाजिक सरोकारों को खुलकर देश के बड़े नेता के सामने रखा है।”
बिलाल मेमन ने संगठन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए आगे कहा कि इमरान प्रतापगढ़ी जी ने छात्रों की एक-एक बात को बेहद गंभीरता से सुना है और भरोसा दिलाया है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है और यह कारवां रुकने वाला नहीं है।

वरिष्ठ दिग्गजों का जमावड़ा, रायपुर से बिलासपुर तक भव्य स्वागत
इससे पहले, रविवार सुबह जब इमरान प्रतापगढ़ी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। वहां से बिलासपुर के सफर के दौरान बिरगांव, नांदघाट, सारागांव सहित हर चौक-चौराहे पर उनका आत्मीय स्वागत हुआ। बिलासपुर पहुंचने पर महाराणा प्रताप चौक, सत्यम चौक, इंदिरा गांधी चौक और शिव टॉकीज चौक पर पैर रखने की जगह नहीं थी।
इस ऐतिहासिक छात्र संवाद कार्यक्रम में मंच पर कांग्रेस के दिग्गजों का जमावड़ा रहा। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन, छत्तीसगढ़ प्रभारी रंजीत बेदी, विधायक देवेंद्र यादव, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे सहित प्रदेश सचिव बिलाल मेमन, प्रदेश महासचिव आमिल और साहिल समेत सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवाओं को मुख्यधारा में लाना ही कांग्रेस का संकल्प: बिलाल मेमन
सफल आयोजन के बाद बिलाल मेमन ने प्रदेशभर से आए छात्र-युवाओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी तादाद में युवाओं की मौजूदगी यह साबित करती है कि छत्तीसगढ़ का युवा अपने अधिकारों को लेकर सजग है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि युवाओं की आवाज नीति-निर्माण के शीर्ष स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके।
About The Author














