नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। अज्ञानता के अंधेरे को छांटकर शिक्षा का उजियारा फैलाने की दिशा में कठौतिया गांव ने एक मिसाल पेश की है। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े और जिला पंचायत सीईओ अंकित सोम शर्मा के मार्गदर्शन में 1 से 15 सितंबर तक आयोजित ‘उल्लास नवभारत साक्षरता पखवाड़े’ का भव्य समापन हुआ। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कठौतिया के बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों के साक्षरता अभियान ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का नया संकल्प दिया।
उल्लास शपथ से शुरुआत, नाती ने मंच पर साक्षर दादी से कराए हस्ताक्षर
पखवाड़े का आगाज सामूहिक उल्लास शपथ के साथ हुआ। ‘उल्लास गृहकार्य’ अभियान के तहत प्राथमिक व माध्यमिक शाला के बच्चों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी को घर पर बुनियादी अक्षर ज्ञान सिखाया। पखवाड़े का सबसे भावुक और ‘गौरव का क्षण’ तब देखने को मिला जब एक साक्षर हुई बुजुर्ग महिला को उनका नाती सम्मान के साथ मंच तक ले गया और उनसे ब्लैक बोर्ड पर हस्ताक्षर करवाए। शिक्षक दिवस के अवसर पर निकाली गई उल्लास साक्षरता रैली ने पूरे गांव को शिक्षा का महत्व समझाया।
रंगोली, चित्रकला और मानव श्रृंखला से गूंजा परिसर
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पांडेय और जिला परियोजना अधिकारी गणेश यादव की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए साक्षरता का संदेश दिया गया। इस दौरान विशाल मानव श्रृंखला बनाकर साक्षरता के नारे लगाए गए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वाचन दिवस पर पुस्तक पठन और बैगलेस डे पर निकाली गई साइकिल रैली आकर्षण का केंद्र रही।
बहुओं ने सास और बेटियों ने मां को दिया शिक्षा का उपहार

विशेष महिला साक्षरता पहल के तहत गांव की पढ़ी-लिखी बहुओं ने अपनी सास को और बेटियों ने अपनी मां को साक्षर बनाने का जिम्मा संभाला। वहीं, डिजिटल और व्यावसायिक साक्षरता अभियान के अंतर्गत ग्राम प्रभारी व शिक्षक योगेश कुमार लहंगीर ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय सिखाए। हिंदी दिवस पर साक्षरता पर आधारित निबंध और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ।
कलेक्ट्रेट में उत्कृष्ट शिक्षकों और स्वयंसेवकों का सम्मान
पखवाड़े के सफल आयोजन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने शिक्षक तारा राज किशोरी मिंज, मनीषा पांडेय, प्रीति राय, योगेश कुमार लहंगीर, उर्मिला सिंह और स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शिक्षकों ने कलेक्टर को स्मृति चिन्ह व उल्लास छायाचित्र भेंट किया। अंत में ‘उल्लास साक्षरता दीपक’ प्रज्वलित कर इस प्रेरणादायी पखवाड़े का समापन किया गया।
About The Author









































