TET, पुरानी पेंशन के लिए पूर्व सेवा गणना और पदोन्नति को लेकर CG टीचर्स एसोसिएशन (MCB) का प्रतिनिधिमंडल मिला स्वास्थ्य मंत्री से; DEO को भी सौंपा ज्ञापन
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़|छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन (जिला – एम.सी.बी.) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की ज्वलंत और लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए हुंकार भरी है। जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में संघ ने क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के यशस्वी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट कराया। मुलाकात के दौरान मंत्री जी का रुख बेहद सकारात्मक और त्वरित कार्रवाई से भरा रहा। उन्होंने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए ऑन द स्पॉट एक्शन लिया।

मुलाकात की मुख्य बिंदु एवं मंत्री जी का त्वरित एक्शन:
- TET एवं पूर्व सेवा गणना मामला: टीईटी से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं, समाधान हेतु दिए गए सुझावों और पुरानी पेंशन के लाभ के लिए प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व सेवा की गणना के विषय पर स्वास्थ्य मंत्री जी ने तत्काल प्रदेश के शिक्षा मंत्री से दूरभाष पर सीधी वार्ता की।
- 15 अगस्त से पूर्व प्रमोशन का लक्ष्य: जिला शिक्षा कार्यालय में रुकी/लंबित प्रमोशन (पदोन्नति) प्रक्रिया को 15 अगस्त से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराने के लिए मंत्री जी ने जिला शिक्षा अधिकारी और (लोक शिक्षण संचालनालय) के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन मिलाकर निर्देशित किया।
- संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता: माननीय मंत्री जी ने शिक्षकों की सभी समस्याओं के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि प्रांतीय स्तर के इन मामलों को जल्द से जल्द हल कराने के लिए वे व्यक्तिगत रूप से ठोस प्रयास करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात एवं ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से भी मुलाकात की और स्थानीय स्तर की समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित माँगें शामिल थीं:
- 20 आकस्मिक अवकाश : अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत अध्यापकों को नियमानुसार 20 CL का लाभ दिया जाए।
- अर्जित अवकाश : विगत समय में किए गए जनगणना कार्य तथा लोकसभा चुनाव ड्यूटी में कार्यरत शिक्षकों को उनका बकाया अर्जित अवकाश (EL) प्रदान किया जाए।
- समयबद्ध पदोन्नति: जिले में शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
शिक्षकों का सम्मान और उनकी जायज माँगों का निराकरण हमारी प्राथमिकता में है। माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी का तत्परता दिखाना और अधिकारियों को निर्देश देना यह साबित करता है कि जल्द ही इन सभी समस्याओं का सुखद परिणाम सामने आएगा।
— सुभाष चंद्र घृतलहरे (जिला मीडिया प्रभारी)
About The Author














