आर्थिक तंगी नहीं बनी सपनों की रुकावट; विधायक भावना बोहरा की संवेदनशील सोच से ग्रामीण प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम
नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया। शिक्षा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए पंडरिया विधानसभा की ग्रामीण प्रतिभाओं ने फिर साबित कर दिया है कि अगर सही दिशा और उचित अवसर मिले, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं। क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा द्वारा संचालित ‘लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग सेंटर’ के 7 मेधावी विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवारों का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे पंडरिया क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
अभावों को मात देकर सफलता की नई इबारत लिखने वाले इन विद्यार्थियों में:



- वेदांत कुमार साहू (ग्राम मोहतरा खुर्द – पिता: भुनेश्वर प्रसाद साहू)
- राहुल मरकाम (पंडरिया – पिता: रामकुमार मरकाम)
- यामिनी देवांगन (वार्ड क्र. 5, पंडरिया – पिता: मनहरण देवांगन)
- दुजराम मरकाम (ग्राम लिम्हईपुर – पिता: महेत्तर सिंह मरकाम)
- उमा भोई (पंडरिया – पिता: पुरषोत्तम भोई)
- सोमी चंद्राकर (पिता: रमेश चंद्राकर)
- लक्ष्मण (पिता: तेजूराम) शामिल हैं।
यह जीत केवल सात बच्चों की नहीं, पूरे पंडरिया के विश्वास की है
— भावना बोहरा
इस ऐतिहासिक सफलता पर भावुक होते हुए विधायक भावना बोहरा ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और कोचिंग के शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा:
“यह मेरे लिए अत्यंत गर्व और भावुक करने वाला क्षण है। गांवों में प्रतिभा की कभी कोई कमी नहीं रही, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर की तलाश होती है। लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत इसी संकल्प के साथ की गई थी कि गरीबी या संसाधनों की कमी किसी भी होनहार के सपनों के आड़े न आए। आज इन बच्चों ने साबित कर दिया कि मेहनत और सही दिशा से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी सफलता पाई जा सकती है।”
सपनों को लग रहे पंख: ‘लक्ष्य’ से ‘साइंस पाठशाला’ तक अनूठी पहल
पंडरिया विधायक भावना बोहरा क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। ‘लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग’ के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को IIT-JEE, NEET एवं CGPSC जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण स्टडी मटेरियल पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके अलावा, क्षेत्र की बेटियों की सुगम शिक्षा के लिए निःशुल्क बस सेवा और स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ जैसी दूरदर्शी पहलें चलाई जा रही हैं।
विधायक बोहरा ने दोहराया कि उनका अंतिम संकल्प यही है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा आर्थिक तंगी के कारण अपने उज्ज्वल भविष्य से वंचित न रहे।
About The Author














