आस्था रेस्टोरेंट के पास हुआ था हादसा; कांग्रेस नेताओं और आंदोलनकारियों के सामूहिक प्रयास से मिली आर्थिक सहायता
नई पहल न्यूज नेटवर्क| मनेंद्रगढ़। आस्था रेस्टोरेंट के समीप गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्य में लगी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) कंपनी की जेसीबी (JCB) मशीन से हुई सड़क दुर्घटना के मामले में आज पीड़ित परिवार को राहत मिली है। कंपनी प्रबंधन की ओर से पीड़ित परिवार को सहायता राशि के रूप में ₹2,25,000 (दो लाख पच्चीस हजार रुपये) का चेक/राशि प्रदान की गई। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व बीपीसीएल कंपनी की लापरवाही और जेसीबी वाहन की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ था। हादसे के बाद जनआक्रोश भड़क उठा था और पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजा दिलाने के लिए व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया था।
शव थाने के सामने रखकर किया गया था उग्र प्रदर्शन
हादसे के बाद मुआवजा और न्याय की मांग को लेकर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और स्थानीय युवाओं ने मोर्चा खोला था।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से:
- हाफिज मेमन (पूर्व जिलाध्यक्ष, युवक कांग्रेस)
- अजय जायसवाल (पार्षद), अनिल प्रजापति पार्षद
- स्वप्निल सिन्हा, पार्षद, गिरधर जायसवाल पार्षद
- राजेश शर्मा (पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष)
- शिवम सिंह, रवि जैन विक्की दत्ता,
समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने मृतक के शव को थाने के बाहर रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों की स्पष्ट मांग थी कि जब तक पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता नहीं दी जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
आंदोलनकारियों के कड़े रुख और जनसमर्थन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने मामले में हस्तक्षेप किया और बीपीसीएल कंपनी प्रबंधन पर त्वरित मुआवजा देने का दबाव बनाया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सहायता राशि पीड़ित परिवार को सौंपी गई।
पीड़ित परिवार ने जताया आभार
आर्थिक सहायता मिलने पर पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन, बीपीसीएल कंपनी प्रबंधन और इस लड़ाई में शुरू से साथ देने वाले सभी आंदोलनकारी भाइयों व कांग्रेस नेताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि “सभी के सामूहिक प्रयासों और जनसमर्थन के बल पर ही आज हमें न्याय और आर्थिक सहायता मिल सकी है।”
साथ ही, स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी किसी अनहोनी या दुर्घटना के मामलों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए इसी तरह एकजुटता और जनसमर्थन बना रहेगा।
About The Author














