कोरबा के पूर्व सांसद स्व. डॉ. बंशीलाल महतो के बेटे और भाजपा नेता विकास महतो के भाई कार में थे सवार, लपटें उठते ही चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान
नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा से इस वक्त एक बेहद डराने वाली और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ सड़क पर दौड़ती एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। इस भीषण हादसे के वक्त कार में कोरबा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व कद्दावर सांसद स्व. डॉ. बंसीलाल महतो के बेटे और भाजपा नेता विकास महतो के भाई अपने साथियों के साथ सवार थे। गनीमत यह रही कि आग की लपटें बढ़ने से ठीक पहले तीनों ने सूझबूझ दिखाई और चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई।
बोनट से निकला धुआं और मच गई अफरा-तफरी
मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान अचानक कार के बोनट से तेज धुआं निकलने लगा। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को घेर लिया। कार में हाई-प्रोफाइल राजनीतिक परिवार के सदस्य सवार होने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने बिना वक्त गंवाए कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी भीषण आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो चुकी थी। समय रहते कार से बाहर कूदने की वजह से एक बहुत बड़ी अनहोनी टल गई।
About The Author














