The specified slider id does not exist.

जनादेश का अपमान ! पामगढ़ की चारों नगर पंचायतों में एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह, पर क्षेत्रीय विधायक का नाम तक नहीं

Share this post:

वन और कृषि के बाद अब नगरीय निकाय आयोजनों में कांग्रेसी विधायक की उपेक्षा; विधायक बोलीं —”जनता के प्रतिनिधि का अपमान बर्दाश्त नहीं”

नई पहल न्यूज नेटवर्क। पामगढ़ (जांजगीर-चांपा)। जिले के पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शासकीय व नगरीय निकायों के आयोजनों में प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। पामगढ़ विधानसभा के अंतर्गत आने वाली चार नगर पंचायतों—खरौद, राहौद, शिवरीनारायण और पामगढ़—में नव-नामांकित/नियुक्त एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 21 जुलाई 2026 (मंगलवार) को रखा गया है। ताज्जुब की बात यह है कि चारों नगर पंचायतों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों द्वारा जारी आधिकारिक आमंत्रण कार्डों में क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक शेषराज हरबंश का नाम अतिथियों की सूची तक में शामिल नहीं किया गया है।

    नियमों और स्थापित राजकीय प्रोटोकॉल के अनुसार, किसी भी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शासकीय अथवा नगरीय निकाय के आयोजनों में क्षेत्रीय विधायक को मुख्य अतिथि या विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित करना अनिवार्य होता है। इसके बावजूद भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े को मुख्य अतिथि और स्थानीय पदाधिकारियों को विशिष्ट अतिथि बनाया गया है, जबकि क्षेत्र की निर्वाचित जनप्रतिनिधि (विधायक) को कार्ड में स्थान तक नहीं दिया गया।

    सत्तातंत्र के दबाव में प्रशासनिक उपेक्षा का आरोप

    ​कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव है, जिसके चलते विपक्षी दल (कांग्रेस) के जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। इससे पूर्व भी पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वन विभाग, कृषि विभाग एवं अन्य शासकीय कार्यक्रमों में कांग्रेस विधायक को दरकिनार किया जाता रहा है।

    जनता द्वारा चुनी गई प्रतिनिधि का अपमान बर्दाश्त नहीं — विधायक शेषराज हरबंश

    पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने इस पूरे मामले पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा:

    “लोकतंत्र में जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि का स्थान सर्वोपरि होता है। शासकीय राशि और राजकीय बैनर तले आयोजित कार्यक्रमों में स्थापित प्रोटोकॉल का पालन करना अधिकारियों की संवैधानिक जिम्मेदारी है। चार-चार नगर पंचायतों के शपथ ग्रहण कार्ड से क्षेत्रीय विधायक का नाम गायब होना यह दर्शाता है कि प्रशासनिक अधिकारी भाजपा सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। मैंने इस संबंध में जांजगीर-चांपा कलेक्टर से लिखित शिकायत की है और सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को प्रोटोकॉल का पाठ पढ़ाने तथा लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। विपक्ष के विधायकों की अनदेखी कर जनता के जनादेश का अपमान किया जा रहा है।”

    सत्ता के नशे में प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा रहे अधिकारी — विधायक प्रतिनिधि नीरज खूंटे

    विधायक प्रतिनिधि नीरज खूंटे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा:

    “यह कोई पहला मामला नहीं है। पामगढ़ विधानसभा में लगातार प्रशासनिक कार्यक्रमों में क्षेत्रीय विधायक की उपेक्षा की जा रही है। एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन इसके आमंत्रण पत्रों को देखकर लगता है कि यह किसी राजनीतिक दल का निजी कार्यक्रम हो। मुख्य नगरपालिका अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं और सत्ता पक्ष को खुश करने में लगे हैं। यदि प्रशासनिक अधिकारी अपने रवैये में सुधार नहीं करते और प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित नहीं करते, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इसके खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।”

    About The Author

    Share this post:

    0 0 votes
    Article Rating
    Subscribe
    Notify of
    guest
    0 Comments
    Oldest
    Newest Most Voted
    Inline Feedbacks
    View all comments

    खबरें और भी हैं...

    Advertisement Box

    RO No. 13820/1

    लाइव क्रिकट स्कोर

    Gold and Silver price

    मौसम अपडेट

    राशिफल

    © 2026 Nayi Pahal News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail