
मनेन्द्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर। नगरपालिका क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। स्थानीय निवासी शराफत अली ने गैस पाइपलाइन बिछाने में नियमों के उल्लंघन की शिकायत की है।
शिकायत के अनुसार, कंपनी निर्धारित डेढ़ मीटर की गहराई के बजाय केवल तीन फीट में पाइपलाइन बिछा रही है। इससे भविष्य में दुर्घटना का खतरा है। साथ ही, पाइपलाइन बिछाने के बाद 24 घंटे में सड़क को समतल करने और मलबा हटाने का नियम भी नहीं माना जा रहा है। इससे यातायात बाधित हो रहा है।

अनुविभागीय अधिकारी ने मामले की जांच के लिए एक संयुक्त टीम बनाई है। टीम में लोक निर्माण विभाग के प्रभारी अधिकारी सी.पी. वंजारे, भारत पेट्रोलियम के सहायक प्रबंधक रजत शर्मा, राजस्व निरीक्षक प्रीतम बेक और नगरपालिका के राजस्व उपनिरीक्षक शिवनारायण मिंज शामिल हैं।
टीम को कम से कम 10 अलग-अलग स्थलों पर तकनीकी गुणवत्ता, गहराई और सुरक्षा मानकों की जांच करनी है। यह भी देखा जाएगा कि कार्य नगरपालिका के अनुबंध की शर्तों के अनुरूप हो रहा है या नहीं। जांच में शिकायतकर्ता की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।



टीम को 12 मई 2025 को सुबह 11 बजे तक अपनी रिपोर्ट जमा करनी है। आदेश की प्रति कलेक्टर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी और संबंधित विभागों को भेजी गई है।





