

एक को पट्टा नहीं मिल रहा, दूसरे की जमीन पर अवैध कब्जा प्रशासन और मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से न्याय की गुहार, मंत्री ने एसडीएम को प्रकरण निराकरण के दिए निर्देश
जमीन पर कब्जा पाने के लिए दर दर भटक रहे स्वतंत्रता सेनानी परिवार का वीडियो इस लिंक पर क्लिक करके देखें

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। ग्राम नागपुर में एक बीएसएफ जवान की पत्नी प्रियंका साहू को जमीन का पट्टा बनवाने तीन साल से कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर को पत्र लिखकर राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रियंका के पति राम नारायण साहू बीएसएफ जवान है जो अभी सिलीगुड़ी में पदस्थ होकर सीमा पर पहरा दे रहे है। प्रियंका के जेठ भी सेना में बस्तर में है। उपतहसील नागपुर में राजस्व निरीक्षक राम सिंह 8 वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं। पटवारी रमेश सिंह और लिपिक सविता शर्मा भी लंबे समय से वहीं तैनात हैं। इन अधिकारियों पर पट्टा और फौती नामांतरण के लिए ग्रामीणों से पैसे मांगने का आरोप है। प्रियंका ने सुशासन तिहार में भी शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। तहसील कार्यालय में उन्हें एक अधिकारी से दूसरे के पास भेजा जाता है। उनके पति देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हैं।

दूसरी ओर, मनेंद्रगढ़ में स्वतंत्रता सेनानी मौजीलाल जैन के परिवार को भी न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। 1975-76 में सरकार ने उन्हें ग्राम लाई में 2.023 हेक्टेयर जमीन आवंटित की थी। मौजीलाल के निधन के बाद उनके बेटे ओमप्रकाश जैन, राजेंद्र कुमार जैन और बहू दया जैन मनेंद्रगढ़ में रहने लगे।इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने खाली जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया। परिवार 5 साल से एसडीएम के सामने केस लड़ रहा है। दया जैन ने 14 अगस्त को आमरण अनशन शुरू किया, जो कलेक्टर के आश्वासन पर समाप्त हुआ। अब परिवार ने स्वास्थ्य मंत्री से जमीन का सीमांकन और नक्शा तरमीम कराने में मदद मांगी है।स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का परिवार पिछले 15 अगस्त को मनेन्द्रगढ़ के जयस्तम्भ के पास धरने पर बैठा था। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिवार ने अनशन समाप्त किया था, लेकिन कई माह बीतने के बाद भी इस मामले का निराकरण न होने पर परिवार परेशान है और मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से अब गुहार लगाई है। मंत्री ने एसडीएम मनेन्द्रगढ़ को शीघ्र प्रकरण निराकरण के निर्देश लिखित तौर पर दिए है। अब देखना यह है कि, सेनानी परिवार को अब कब जमीन पर कब्जा मिलता है।







