नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। मानवता की सेवा का संकल्प और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रामनरेश पटेल ने अपना जन्मदिवस एक प्रेरक अंदाज में मनाया। उन्होंने अपने 54 वे जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय चिकित्सालय आमाखेरवा के ब्लड बैंक पहुँचकर रक्तदान किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद अजय जायसवाल, रेडक्रास सोसायटी के जिला अध्यक्ष शैलेश जैन, आलोक अग्रवाल, सुमित अग्रवाल मौजूद थे।
पदों से ऊपर सेवा को दी प्राथमिकता
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष और ओबीसी समाज के जिलाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों का दायित्व संभालने वाले रामनरेश पटेल ने साबित किया कि पद से बड़ी ‘सेवा’ होती है। रेडक्रॉस के प्रदेश प्रतिनिधि होने के नाते वे सदैव स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता अभियानों में सक्रिय रहते हैं, जिसे उन्होंने आज स्वयं रक्तदान कर चरितार्थ किया।

रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। मेरे जन्मदिन पर यदि मेरे रक्त की एक बूंद भी किसी जरूरतमंद की जान बचाने के काम आ सके, तो यही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।
— अधिवक्ता रामनरेश पटेल
समाज के लिए बने प्रेरणापुंज
आमाखेरवा अस्पताल के ब्लड बैंक में उनके इस सराहनीय कदम की चिकित्सकों और वहां मौजूद नागरिकों ने जमकर सराहना की। रेडक्रॉस के माध्यम से वे लंबे समय से पीड़ित मानवता की सेवा में संलग्न हैं। उनके इस अनुकरणीय कार्य ने क्षेत्र के युवाओं के सामने एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है कि जन्मदिन जैसे अवसरों को फिजूलखर्ची के बजाय सामाजिक सरोकारों से जोड़कर कैसे यादगार बनाया जा सकता है।







