स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विजन और डॉक्टरों की मेहनत से बदला मंजर, अब गंभीर इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी खत्म
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की दूरदर्शी सोच और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर निरंतर किए जा रहे प्रयासों ने एमसीबी जिले में चिकित्सा व्यवस्था की तस्वीर बदल दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे तथा अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी की सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी नेतृत्व की बदौलत चिकित्सकों की टीम अब बड़े और बेहतर परिणाम देने में सक्षम हुई है।
जो क्षेत्र कभी डॉक्टरों की कमी और संसाधनों के अभाव के कारण मरीजों के लिए चुनौती बना हुआ था, आज वही क्षेत्र आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर ‘हेल्थ हब’ की दिशा में अग्रसर है। मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर अस्पताल के जनवरी से मार्च 2026 तक के आंकड़े इस बदलाव की स्पष्ट तस्दीक करते हैं। इस अल्प अवधि में अस्पताल में कुल 1559 मरीजों का सफल उपचार किया गया है।

आंकड़ों में सफलता की कहानी:



अस्पताल प्रबंधन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में:
- 375 गर्भवती महिलाओं की जांच (ANC) की गई।
- 380 सोनोग्राफी (USG) जांचें सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।
- 151 एनीमिया पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया।
- 50 सड़क दुर्घटना (RTA) के गंभीर मामलों में त्वरित इलाज देकर जान बचाई गई।
प्रसव और सर्जरी में बड़ी उपलब्धि:
अस्पताल में सुरक्षित प्रसव को लेकर विशेष फोकस रहा, जिसके परिणामस्वरूप 238 सामान्य प्रसव और 25 सिजेरियन डिलीवरी की गईं। इसके साथ ही सर्जरी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता दिखाते हुए 60 जनरल सर्जरी, 18 ऑर्थो (हड्डी रोग) और 15 ईएनटी के मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया।
विशेषज्ञों की उपलब्धता से बढ़ा भरोसा:
अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री की पहल और सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में अब अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक उपकरणों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा, “पहले मरीजों को छोटी जांचों के लिए भी बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब जटिल मामलों का उपचार भी स्थानीय स्तर पर गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है, जिससे जनता का भरोसा विभाग पर बढ़ा है।”
शासन की दूरदर्शी नीतियों और स्वास्थ्य विभाग के ‘टीम वर्क’ का ही परिणाम है कि एमसीबी जिला आज स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में प्रदेश में एक नई और सुदृढ़ पहचान बना रहा है।




