31 दिसंबर को सजेगी बहुरूपिया कलाकारों की महफिल, भूपेंद्र क्लब ग्राउंड में होगा भव्य समापन, तैयारियां जोरों पर
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले की सांस्कृतिक पहचान और वर्षों पुरानी परंपरा ‘बहुरूपिया महोत्सव’ की धमक इस वर्ष भी साल के अंतिम दिन, 31 दिसंबर को सुनाई देगी। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर नगरवासियों और कलाकारों में जबरदस्त उत्साह है। इसी कड़ी में सांस्कृतिक मंच के सदस्यों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। मंत्री ने न केवल आमंत्रण स्वीकार किया, बल्कि आयोजन के प्रति अपनी गहरी आत्मीयता जताते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
“प्राकृतिक संपदा और संस्कृति का संगम है मनेंद्रगढ़”
वीडियो संदेश के माध्यम से मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़ की महिमा का बखान करते हुए कहा:
“मनेंद्रगढ़ का गौरव उसकी प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत में है। हसदेव नदी का आंचल, सिद्ध बाबा का आशीर्वाद और चंदन के घने जंगलों के बीच बसा हमारा यह शहर एक बड़ा व्यापारिक केंद्र होने के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक नगरी भी है। यहाँ वर्षों से चली आ रही बहुरूपिया प्रतियोगिता की परंपरा संभवतः पूरे विश्व में अनूठी है।”
लाखों की भीड़ और साल का यादगार अंत
मंत्री ने आगे कहा कि इस कार्यक्रम को देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग मनेंद्रगढ़ पहुँचते हैं। अंग्रेजी कैलेंडर के अंतिम दिन (31 दिसंबर) आयोजित होने वाला यह महोत्सव आनंद और उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने आयोजक मंडल और नगरवासियों को इस भव्य आयोजन के लिए अग्रिम बधाई दी और आने वाले नव वर्ष की शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
भूपेंद्र क्लब ग्राउंड में होगा समापन
सांस्कृतिक मंच के सदस्यों ने बताया कि इस बार बहुरूपिया महोत्सव का समापन समारोह भूपेंद्र क्लब ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कलाकारों की टोलियां अभी से अपने स्वांग और वेशभूषा की तैयारियों में जुट गई हैं। नगर की सड़कों पर बिखरने वाले विविध रंगों और कलाकारों की जीवंत कला को देखने के लिए प्रशासन और आयोजक मंडल व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं।







