पूर्व मंडल उपाध्यक्ष और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के अनुभव से शिक्षा प्रकोष्ठ को मिलेगी नई धार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह ने किया स्वागत
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव और शैक्षणिक विशेषज्ञता का समन्वय करते हुए गोपाल प्रसाद बुनकर को भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया है। श्री बुनकर का चयन उनकी लंबी सांगठनिक पृष्ठभूमि और शिक्षक हितों के लिए किए गए संघर्षों को देखते हुए किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह ने अपने निवास पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आशीष सिंह ने नवनियुक्त जिला संयोजक को केसरिया पटका पहनाकर संगठन की ओर से शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में जिले का शिक्षा प्रकोष्ठ नई ऊंचाइयों को छुएगा।
अनुभव का विशाल खजाना
गोपाल प्रसाद बुनकर किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उनके पास शैक्षणिक और सांगठनिक पदों का लंबा अनुभव है:
- शैक्षणिक पृष्ठभूमि: पूर्व माध्यमिक शाला से सेवानिवृत्त प्रधान पाठक।
- राजनीतिक अनुभव: भाजपा मनेन्द्रगढ़ मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष एवं शिक्षा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य।
- सामाजिक एवं संघ सक्रियता: वर्तमान में छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष होने के साथ-साथ शिक्षक संघ के प्रदेश कार्यसमिति और अ जा क प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
पार्टी ने मुझ जैसे एक समर्पित कार्यकर्ता को जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, मैं उसके लिए संगठन का आभारी हूँ। मेरा मुख्य उद्देश्य जिले के शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की कल्याणकारी नीतियों को अंतिम पंक्ति तक पहुँचाना है। वर्षों तक शिक्षक संघ और पार्टी संगठन में कार्य करने का जो अनुभव मुझे प्राप्त हुआ है, उसका पूरा लाभ मैं शिक्षा प्रकोष्ठ को मजबूती प्रदान करने में लगाऊँगा।
गोपाल प्रसाद बुनकर, जिला संयोजक
भाजपा खेमे में खुशी का माहौल
बुनकर की नियुक्ति से शिक्षा जगत और भाजपा कार्यकर्ताओं में प्रसन्नता व्याप्त है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का मानना है कि एक अनुभवी शिक्षाविद् के संयोजक बनने से जिले के शिक्षकों और बुद्धिजीवी वर्ग के बीच पार्टी का आधार और अधिक मजबूत होगा।







