– ‘खुशियों की दीपावली एवं स्नेह मिलन’ कार्यक्रम रहा बेहद सफल, ग्राम घुटर्रा के बच्चों ने अपनों के संग मनाई यादगार दीवाली
– समाज के सहयोग से भव्य रूप से संपन्न हुआ आयोजन, बच्चों की खुशी को मंच ने बताया अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़ : समाज सेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर ‘मारवाड़ी युवा मंच समिति, मनेन्द्रगढ़’ द्वारा इस बार का दीपोत्सव वाकई में बेहद खास और यादगार बन गया है। मंच के सदस्यों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कल आयोजित भव्य ‘खुशियों की दीपावली एवं स्नेह मिलन’ कार्यक्रम सभी के सहयोग से पूरी तरह सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस अनुकरणीय पहल के तहत 600 से अधिक जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ बाँटी गईं, जिससे मासूमों का यह पावन पर्व बेहद रोशन हो उठा।
सहयोग और समर्पण से मिली ऐतिहासिक सफलता
मारवाड़ी युवा मंच मनेन्द्रगढ़ इससे पहले भी कई ऐसे सामाजिक और सेवा-भावी कार्य करता आ रहा है। मंच के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 600 से ज्यादा बच्चों के जीवन में यह उजाला लाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना अकेले संभव नहीं था। यह सब शहर और क्षेत्र के दानदाताओं व आम नागरिकों के खुले दिल से दिए गए सहयोग का ही परिणाम है। मंच ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

बच्चों के लिए खास रहा दिन
ग्राम घुटरा में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के मनोरंजन से लेकर उनके खान-पान और उपहार वितरण तक का विशेष प्रबंध किया गया था। जादूगर के रोमांचक शो, स्वादिष्ट लंच और हाथों-हाथ मिले उपहार किट ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की खिले हुए चेहरे और उनकी निर्मल हंसी ने पूरे माहौल को और अधिक आनंदमय बना दिया।

भविष्य के लिए भी उम्मीदों का कारवां जारी
मंच ने विश्वास जताया है कि भविष्य में भी समाज के हर वर्ग का ऐसा ही स्नेह और सहयोग उन्हें मिलता रहेगा, ताकि वे समाज के अंतिम छोर पर खड़े बच्चों के जीवन में इसी तरह खुशियों के दीप जलाते रहें। मारवाड़ी युवा मंच मनेन्द्रगढ़ का यह सफल आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहा है।

About The Author










































