नेता प्रतिपक्ष हेमलता कोमल कुमार का नगर पंचायत प्रशासन पर करारा हमला; कहा— नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं
नई पहल न्यूज नेटवर्क। झगराखांड। नगर पंचायत झगराखांड में पिछले एक सप्ताह से हो रही मटमैले और दूषित पानी की आपूर्ति ने नगरवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। नल खोलते ही आ रहे गंदे पानी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष हेमलता कोमल कुमार ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे प्रशासन की चरम लापरवाही करार देते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।
जब पर्याप्त क्लोरीन-ब्लीचिंग है, तो नल से ज़हर क्यों ?
हेमलता कोमल कुमार ने नगर पंचायत प्रशासन के खोखले दावों को कटघरे में खड़ा करते हुए याद दिलाया कि कुछ ही समय पूर्व नगर पंचायत के निवर्तमान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पात्रे जी ने सभी पार्षदों को आश्वस्त किया था कि आगामी दो वर्षों के लिए जल शुद्धिकरण हेतु पर्याप्त मात्रा में क्लोरीन और ब्लीचिंग पाउडर की व्यवस्था कर ली गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा:
“जब जल शुद्धिकरण के लिए सभी जरूरी संसाधन पहले से उपलब्ध हैं, तो फिर बीते आठ दिनों से झगराखांड की जनता को गंदा पानी पीने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है? क्या व्यवस्थाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं?”
स्वास्थ्य से खिलवाड़ पड़ा भारी, जांच और कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना किसी भी स्थानीय निकाय का प्राथमिक और मूलभूत दायित्व है। मटमैले पानी की वजह से नगर में जलजनित बीमारियों और महामारी फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
हेमलता कोमल कुमार ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि:
- तत्काल पानी के नमूनों की लैब जांच कराई जाए।
- जल वितरण प्रणाली, फिल्टर प्लांट और पाइपलाइनों को दुरुस्त किया जाए।
- गंदे पानी की सप्लाई पर तुरंत रोक लगाकर नियमित स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित किया जाए।
“दावे बड़े, पर नल से बह रहा कचरा!”
अपने तेवरों को सख्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने अंत में दोहराया कि जब व्यवस्थाएं पूर्ण होने का ढिंढोरा पीटा गया था, तब नागरिकों को यह दुर्दशा क्यों झेलनी पड़ रही है? प्रशासन तुरंत गहरी नींद से जागे और समस्या का स्थायी समाधान निकाले, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
About The Author








































