नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद। संजारी बालोद क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में बढ़ते बिजली बिलों और नल-जल कनेक्शन काटे जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जिला सरपंच संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा अपनी समस्याओं से अवगत कराए जाने के बाद विधायक संगीता सिन्हा ने सभी पक्षों की बातें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रशासनिक स्तर पर बात कर जल्द से जल्द उचित समाधान निकालने की बात कही है।
जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा और राजनीतिक बयानबाजी
मुलाकात के दौरान जहां एक ओर सरपंच संघ ने पंचायतों की आर्थिक लाचारी और भारी-भरकम बिलों से आ रही दिक्कतों को सामने रखा, वहीं विधायक संगीता सिन्हा ने भी इस पूरी स्थिति को लेकर वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि पंचायतों के पास दस से पच्चीस लाख रुपये तक के बिल भरने का बजट नहीं होता है। ऐसे में बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटना और मूलभूत राशि में कटौती करना ग्रामीण विकास के लिए ठीक नहीं है।

संवाद और समन्वय से रास्ता निकालने की उम्मीद
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक संगीता सिन्हा ने आश्वासन दिया है कि इस विषय को शासन और विद्युत विभाग के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर समन्वय बनाकर यह प्रयास किया जाएगा कि पंचायतों पर पड़े इस भारी आर्थिक बोझ का कोई व्यावहारिक और सकारात्मक हल निकाला जा सके, ताकि ग्रामीण जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
About The Author









































