मनेंद्रगढ़ से बड़ी खबर : श्यामबिहारी जायसवाल ने किया ऐलान, सुरक्षा के लिए खुद भी पहनेंगे हेलमेट और विभाग को भी किया जागरूक
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय और सख्त पहल की है। सड़क सुरक्षा माह के समापन समारोह में मीडिया से रूबरू होते हुए मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अब हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा।

“एक्सीडेंट के बाद हमारी जिम्मेदारी बढ़ती है…”
मंत्री जायसवाल ने बहुत ही संजीदगी के साथ कहा कि सड़क हादसों के बाद सबसे ज्यादा बोझ स्वास्थ्य विभाग पर ही पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा:
एक्सीडेंट होने के बाद असली काम हमारा शुरू होता है। जब कोई बिना हेलमेट के दुर्घटना का शिकार होता है, तो सबसे ज्यादा परेशानी स्वास्थ्य विभाग को उठानी पड़ती है। इसलिए हम चाहते हैं कि हमारे विभाग के लोग खुद सुरक्षित रहें ताकि वे दूसरों की जान बचा सकें।
मंत्री खुद करेंगे पहल

इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे केवल आदेश नहीं दे रहे, बल्कि खुद भी इसे फॉलो करेंगे। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करेंगे ताकि इसे पूरे प्रदेश में कड़ाई से लागू किया जा सके।
- अनिवार्यता: स्वास्थ्य विभाग के हर छोटे-बड़े कर्मचारी को अब दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना होगा।
- अपील: मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने इसे केवल नियम नहीं बल्कि जीवन सुरक्षा का ‘आग्रह’ बताया है।
- उद्देश्य: सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना और स्वास्थ्य कर्मियों को ‘रोल मॉडल’ बनाना।
स्वास्थ्य मंत्री के इस ‘सेफ्टी फर्स्ट’ विजन की अब चारों ओर सराहना हो रही है। देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी इस नए नियम को कितनी जल्दी आत्मसात करते हैं।







