संगठन में ‘प्रखर आवाज’ को मिली तवज्जो : टीवी डिबेट्स का जाना-माना चेहरा अब जिले में संभालेंगी कांग्रेस की कमान
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार शाम बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नवगठित मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला कांग्रेस कमेटी में नेतृत्व ने एक बार फिर युवाओं और अनुभवी चेहरों के तालमेल पर भरोसा जताया है। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम महिला नेत्री पूनम सिंह का है, जिन्हें जिला महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जानिए पूनम सिंह के बारे में
पूनम सिंह केवल एक राजनीतिक चेहरा नहीं, बल्कि एक प्रखर वक्ता और सक्रिय समाजसेविका भी हैं।
- डिबेट का चेहरा: वे अक्सर प्रमुख टीवी न्यूज चैनलों पर कांग्रेस के प्रवक्ता के तौर पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते हुए नजर आती हैं।
- पारिवारिक पृष्ठभूमि: पूनम सिंह कांग्रेस के दिग्गज नेता और मनेंद्रगढ़ विधानसभा से प्रत्याशी रहे वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश चंद्र सिंह की बहू हैं। उनके पति, व्यंकटेश सिंह, पूर्व न्यायाधीश होने के साथ-साथ वर्तमान में युवक कांग्रेस लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
- सामाजिक सक्रियता: वे सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़ी हैं और वर्तमान में लायंस क्लब प्राइड, मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।
“पार्टी के भरोसे पर खरा उतरना ही प्राथमिकता” — पूनम सिंह
अपनी नियुक्ति के बाद विशेष चर्चा में पूनम सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा:
“संगठन ने मुझ पर जो विश्वास दिखाया है, उसके लिए मैं प्रदेश और जिला नेतृत्व की आभारी हूँ। यह पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की आवाज बनने का माध्यम है। आने वाले समय में जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना तथा कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों को हर घर तक पहुँचाना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”
कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर
पूनम सिंह की नियुक्ति को पार्टी के भीतर एक ‘मास्टरस्ट्रोक’ माना जा रहा है। उनके प्रवक्ता होने के अनुभव का लाभ अब जिला संगठन को संचार और रणनीति बनाने में मिलेगा। सूची जारी होते ही समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए खुशी जाहिर की है।







