प्रदेश के 1046 केंद्रों पर 133 मुफ्त जांचें; स्वास्थ्य मंत्री बोले—अब अस्पताल नहीं, रिपोर्ट खुद चलकर आएगी मरीजों के पास
नई पहल न्यूज नेटवर्क। सुकमा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सुकमा जिला चिकित्सालय से ‘अटल आरोग्य लैब’ का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की विशेष कार्ययोजना और दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि अब बस्तर के वनांचलों से लेकर मैदानी इलाकों तक की डायग्नोस्टिक व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल और अत्याधुनिक होने जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री का मिशन : सुलभ और पारदर्शी जांच
स्वास्थ्य विभाग की कमान संभाल रहे श्यामबिहारी जायसवाल ने इस लैब की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश के 1046 स्वास्थ्य संस्थानों को एक डिजिटल नेटवर्क से जोड़ना ऐतिहासिक है।

- डिजिटल क्रांति: मंत्री जायसवाल ने सुनिश्चित किया है कि अब मरीजों को रिपोर्ट के लिए घंटों लाइन में न लगना पड़े। जांच की रिपोर्ट सीधे मरीज के WhatsApp और SMS पर उपलब्ध होगी।
- बड़ा दायरा: जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक अब 133 प्रकार की उच्च स्तरीय जांचें बिल्कुल मुफ्त होंगी।
- वनांचल पर फोकस: उन्होंने स्पष्ट किया कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी पहली प्राथमिकता है ताकि ग्रामीणों को शहर न जाना पड़े।
मुख्यमंत्री ने सराहा स्वास्थ्य विभाग का प्रयास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक को “निरामय” रखने के संकल्प पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के नेतृत्व में विभाग ने इस डिजिटल ढांचे को इतनी तेज़ी से तैयार किया है, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य लाभ दर में बड़ी वृद्धि देखने को मिलेगी। सटीक और समयबद्ध जांच ही सफल उपचार की पहली सीढ़ी है।
सुकमा बना आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का मॉडल
स्वास्थ्य मंत्री ने इस दौरान सुकमा जिला अस्पताल की सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। यहां पहले से संचालित डायलिसिस, ब्लड बैंक और सोनोग्राफी सेवाओं के साथ अब अटल आरोग्य लैब के जुड़ जाने से यह अस्पताल एक ‘हेल्थ हब’ के रूप में उभरा है।
गरिमामय उपस्थिति
इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के साथ बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हमारा लक्ष्य केवल अस्पताल खोलना नहीं, बल्कि उन अस्पतालों में ऐसी सुविधाएं देना है जो विश्वस्तरीय हों। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से हम हर गरीब और जरूरतमंद तक मुफ्त और सटीक जांच पहुंचा रहे हैं।
— श्यामबिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़
About The Author














