नई पहल न्यूज नेटवर्क | अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और कड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर के चर्चित कमोदा रिजॉर्ट द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जमींदोज कर दिया।
राजस्व विभाग और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रिजॉर्ट परिसर के लगभग 45 डिसमिल हिस्से पर बने अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर हटा दिया। ज्ञात हो कि रिजॉर्ट संचालक ने लंबे समय से शासकीय भूमि को अपने परिसर में शामिल कर वहां निर्माण कार्य करा लिया था, जिसकी शिकायतें लगातार प्रशासन को मिल रही थीं।
उल्लेखनीय है कि इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि दो दिन पहले ही तैयार हो गई थी, जब प्रशासनिक अमला पहली बार अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंचा था। उस दौरान रिजॉर्ट संचालक ने अधिकारियों के साथ जमकर विवाद और झूमाझपटी की थी, जिसके चलते टीम को बिना कार्रवाई के ही वापस लौटना पड़ा था। इस घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में काफी किरकिरी हो रही थी और कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे।
इसी के मद्देनजर आज प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए भारी संख्या में पुलिस बल और दलबल के साथ दोबारा धावा बोला। सख्त घेराबंदी और कड़ी सुरक्षा के बीच अधिकारियों ने बिना किसी दबाव के 45 डिसमिल जमीन से बेजा कब्जा पूरी तरह मुक्त करा लिया, जिससे भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
About The Author














