दलेश्वर साहू को ‘मुख्य सचेतक’ और दिलीप लहरिया को मिली ‘उप सचेतक’ की जिम्मेदारी हाईकमान ने लगाई मुहर
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के आगाज़ से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस आलाकमान ने संगठन और सदन में धार देने के लिए बड़ा फेरबदल किया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा कर दी है। वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल को विधानसभा में डिप्टी लीडर (उपनेता प्रतिपक्ष) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ ही दलेश्वर साहू को मुख्य सचेतक और दिलीप लहरिया को उप सचेतक नियुक्त किया गया है।
बजट सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी
कल से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र से पहले हुई इन नियुक्तियों को बेहद रणनीतिक माना जा रहा है। सदन के भीतर सरकार को घेरने और पार्टी की आवाज को मजबूती से रखने के लिए अनुभवी चेहरों पर दांव लगाया गया है।
शीर्ष नेतृत्व का फैसला
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ विधायक दल के इन प्रस्तावों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। यह पत्र छत्तीसगढ़ के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया है।
दिग्गजों ने जताया हर्ष
इन नियुक्तियों का छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तमाम दिग्गजों ने स्वागत किया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित छत्तीसगढ़ के सभी कांग्रेस विधायकों ने इस फैसले पर हर्ष व्यक्त किया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि लखेश्वर बघेल, दलेश्वर साहू और दिलीप लहरिया की तिकड़ी सदन में विपक्ष की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाएगी।







