“508 करोड़ का कटमनी, OSD और अफसरों की सांठगांठ… अब बाहर आएंगे कांग्रेस के सारे काले राज”: उज्ज्वल दीपक
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाले के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर की ओमान से गिरफ्तारी और रायपुर कोर्ट में पेशी के साथ ही छत्तीसगढ़ की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कांग्रेस सरकार के संरक्षण में पनपे इस 6,000 करोड़ रुपये के सट्टा साम्राज्य पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सौरभ की गिरफ्तारी से बघेल समेत पूरी कांग्रेस पार्टी की नींद उड़ गई है और अब उनके काले कारनामों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

भिलाई के जूस सेंटर से बुर्ज खलीफा तक का काला सफर
भाजपा प्रवक्ता ने भूपेश सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि भिलाई की एक छोटी सी जूस दुकान से शुरू हुआ यह काला कारोबार तत्कालीन सत्ताधीशों के वरदहस्त के बिना बुर्ज खलीफा तक नहीं पहुंच सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य को दांव पर लगाकर तत्कालीन सरकार के रसूखदारों और अफसरों ने भारी-भरकम ‘प्रोटेक्शन मनी’ वसूली। जहां आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही थी, वहीं सट्टे की काली कमाई से 200 करोड़ की शाही शादियां रचाई गईं और बॉलीवुड सितारों की महफिलें सजाई गईं।
508 करोड़ का लेनदेन और CBI जांच का असर
श्री दीपक ने स्पष्ट किया कि विष्णुदेव साय सरकार के सत्ता में आते ही निष्पक्ष जांच के लिए मामला सीबीआई (CBI) को सौंपा गया था, जिसका नतीजा आज सबके सामने है। सिंडिकेट संचालकों ने स्वयं स्वीकार किया है कि भूपेश बघेल तक 508 करोड़ रुपये पहुंचाए गए थे। कोर्ट में पेशी के बाद सौरभ चंद्राकर अब उन तमाम राजों से पर्दा उठाएगा कि अवैध सट्टे की कमीशन खोरी किस-किस तक पहुंचती थी, तत्कालीन मुख्यमंत्री के पसंदीदा OSD चंद्रभूषण वर्मा जैसे अफसरों का क्या रोल था और इस सिंडिकेट को किन नेताओं का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था।
“बख्शा नहीं जाएगा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाला”
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी अभी से अपने जवाब तैयार रखे और बाद में निष्पक्षता पर सवाल उठाने का रोना न रोए। छत्तीसगढ़ के युवाओं को सट्टे के दलदल में धकेलने वाले किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा। अदालत में चल रही इस जांच के जरिए बहुत जल्द दूध का दूध और पानी का पानी होकर रहेगा।
About The Author










































