पंडरिया में दिखा ऐतिहासिक उत्साह; लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित मैराथन में युवाओं ने लिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प।
नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पंडरिया में एक भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ (मिनी मैराथन) का आयोजन किया गया। पंडरिया महाविद्यालय से पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान तक निकाली गई इस दौड़ में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया। विधायक भावना बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया और महिला तथा पुरुष वर्ग के विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।


राष्ट्र निर्माण और सरदार पटेल के आदर्शों का स्मरण
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति, अदम्य इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। स्वतंत्रता के बाद सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की अखंडता को जो सुदृढ़ता दी, वह इतिहास में अद्वितीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। गुजरात स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार पटेल के विराट व्यक्तित्व के प्रति देश की सच्ची कृतज्ञता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के हर वर्ग के विकास और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

युवाओं की सहभागिता और भविष्य का संकल्प
भावना बोहरा ने युवाओं को राष्ट्र की ऊर्जा और भविष्य का आधार बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाले युवा ही देश की प्रगति को नई गति देते हैं। आज पंडरिया के युवाओं ने एकजुटता का परिचय देकर सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है।
प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका पंडरिया अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, मंडल अध्यक्ष पंडरिया रविश ठाकुर, चंद्रकुमार सोनी, हरीश जैन, अंजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्षद, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
About The Author










































