‘मैं अयोध्या हूं’ का मंचन और स्वास्ति मेहुल का सुरमयी सुर शाम को बनाएगा ऐतिहासिक; शिल्पग्राम में गूंजेगी 11 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की गूंज
नई पहल न्यूज नेटवर्क। नवा रायपुर / छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दूसरे दिन आज 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में कला, संस्कृति, संगीत और लोकपरंपराओं का अभूतपूर्व संगम देखने को मिलेगा। तीन दिवसीय राज्योत्सव के इस विशेष सांस्कृतिक आयोजन में प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के साथ भारतीय कला-संस्कृति के विविध रंग बिखरेंगे। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू मौजूद रहेंगे।
स्व. राजेश अवस्थी की विरासत को आगे बढ़ा रहीं प्रसन्ना अवस्थी, शिल्पग्राम में दिखेगा लोककला का जादू
राज्योत्सव का शिल्पग्राम मंच इस बार एक बेहद भावुक और गौरवशाली सांस्कृतिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के दिवंगत महान कलाकार स्व. राजेश अवस्थी की सांस्कृतिक विरासत और कला-परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनकी पत्नी प्रसन्ना अवस्थी शिल्पग्राम में लोकसंगीत एवं नृत्य की विशेष प्रस्तुति देंगी। स्व. राजेश अवस्थी ने छत्तीसगढ़ी कला और मंच को जो पहचान दी थी, उसी परंपरा और साधना को जीवंत रखते हुए प्रसन्ना अवस्थी की यह प्रस्तुति शिल्पग्राम के 11 प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों का मुख्य आकर्षण रहेगी।
दोपहर 3 बजे से शुरू हो रहे शिल्पग्राम के कार्यक्रमों में प्रसन्ना अवस्थी के साथ-साथ सुष्मिता दास (ओडिसी नृत्य), समप्रिया पूजा निषाद (पंडवानी गायन), अंकित निर्मलकर (सूफी व गजल), मिलवंतीन बाई (पारंपरिक सुआ नृत्य), मेघा बोस ताम्रकार, आंचल पाण्डेय (कथक), रुखमनी दीवान (लोकमंच), आदित्य मिश्रा (बैंड), विनीता त्रिपाठी (कथक) और तेजराम साहू (लोकमंच) अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य मंचन से जीवंत होगी आध्यात्मिक चेतना
मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। शाम 6 से 7 बजे तक विशेष नाट्य प्रस्तुति ‘मैं अयोध्या हूं’ का मंचन किया जाएगा। इस नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से अयोध्या की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जो दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक चेतना और समृद्ध इतिहास से रूबरू कराएगा।
सुनील सोनी के गीतों और स्वास्ति मेहुल की सुरीली आवाज से गूंजेगा मुख्य मंच
संगीत प्रेमियों के लिए आज की शाम बेहद खास होने जा रही है। शाम 7 से 8 बजे तक छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी अपनी संगीतमय प्रस्तुति देकर दर्शकों को छत्तीसगढ़ी संगीत की मधुरता से सराबोर करेंगे। इसके पश्चात, रात 8 बजे से प्रसिद्ध पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल अपने सुरीले गीतों से राज्योत्सव की शाम को यादगार बनाएंगी।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिल रहा राष्ट्रीय मंच: राजेश अग्रवाल
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और लोकपरंपराएं प्रदेश की अनमोल धरोहर हैं। राज्योत्सव के माध्यम से जहां स्व. राजेश अवस्थी जैसे दिग्गजों की विरासत को आगे बढ़ा रहे कलाकारों को मंच मिल रहा है, वहीं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा भी मिल रही है।
राज्योत्सव का दूसरा दिन नवा रायपुर को भारतीय सांस्कृतिक विरासत, छत्तीसगढ़ी लोककला और आधुनिक संगीत के अद्भुत संगम से सराबोर करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
About The Author










































