केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में नई दिल्ली में हुआ भव्य कॉन्क्लेव, जनजातीय ग्रामों के समग्र विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोरिया जिले को राष्ट्रीय पहचान
नई पहल न्यूज नेटवर्क। नई दिल्ली/कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले ने ‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ में अपने उत्कृष्ट और नवाचारी कार्यों से राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्राप्त किया है। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित ‘राष्ट्रीय कॉन्क्लेव ऑन आदि कर्मयोगी अभियान’ में स्वयं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों कोरिया की कलेक्टर चंदन त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के दौरान केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल उरांव और केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके भी उपस्थित रहे।जनजातीय समुदाय के समग्र विकास और उत्थान की दिशा में कोरिया जिले द्वारा किए जा रहे प्रयासों को आज राष्ट्रीय मंच पर सर्वोच्च मान्यता मिली। ‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत कोरिया जिले के 154 जनजाति बहुल ग्रामों में बुनियादी सुविधाओं की आपूर्ति और सतत विकास के लिए किए गए नवाचारी और जनभागीदारी वाले कार्यों ने इस सम्मान का मार्ग प्रशस्त किया। यह सम्मान न केवल कोरिया जिले के लिए बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है, जो जनजातीय विकास के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

छत्तीसगढ़ ने भी पाया सम्मान
इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ राज्य को भी प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान और आदि कर्मयोगी अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया गया। राज्य की ओर से यह सम्मान छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने ग्रहण किया।
राष्ट्रीय स्तर पर कोरिया का डंका
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी को मिला यह सम्मान कोरिया जिले में जनसहभागिता और नवाचार के साथ विकास कार्यों को लागू करने की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति का प्रतीक है। ‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ ने यह सिद्ध कर दिया है कि स्थानीय नेतृत्व और प्रतिबद्धता से सुदूर जनजातीय क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय परिवर्तन लाया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले को पीएम-जनमन अभियान और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को अधोसंरचना विषय पर प्रस्तुतीकरण देने हेतु भी चयनित किया गया, जिसने प्रदेश के विभिन्न जिलों की विकास पहलों को राष्ट्रीय पटल पर उजागर किया।




About The Author














