कॉलर में कैमरा, कान में वॉकी-टॉकी – PWD परीक्षा में मुन्ना बहन रंगेहाथ पकड़ाई !
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर। सरकंडा के राम दुलारे स्कूल परीक्षा केंद्र PWD की सिविल इंजीनियरिंग परीक्षा में आज उस समय हड़कंप मच गया जब NSUI के कार्यकर्ताओं ने एक हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश किया। यह घटना फिल्मी स्टाइल में किसी “मुन्ना भाई MBBS” से कम नहीं थी, पर इस बार किरदार थीं “मुन्ना बहन MBBS”
हाईटेक नकल का पूरा स्क्रिप्ट :

परीक्षा में बैठी एक महिला परीक्षार्थी ने अपनी कॉलर में माइक्रो कैमरा छिपा रखा था। उसका लाइव फीड एक ऑटो में बैठी दूसरी महिला तक पहुंच रहा था, जो वॉकी-टॉकी के माध्यम से हर सवाल का उत्तर उसे पढ़ा रही थी। यह सुनियोजित नकल गैंग पूरे तकनीकी संयंत्र के साथ काम कर रहा था, जिसमें वाई-फाई डिवाइस, हिडन कैमरा और ब्लूटूथ ईयरपीस भी शामिल थे।

छात्र संगठन NSUI की सतर्कता :
NSUI के कार्यकर्ताओं को परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगी। शक गहराया तो उन्होंने केंद्र प्रशासन को सतर्क किया और महिला को रंगे हाथों पकड़वाया। तत्परता दिखाते हुए सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिसिया कार्रवाई :
पुलिस ने महिला परीक्षार्थी और ऑटो में बैठी महिला ‘सहयोगी मुन्ना बहन’ को पकड़कर डिवाइस जब्त कर लिए हैं। राम दुलारे स्कूल, जहां परीक्षा चल रही थी, वहां से नकल उपकरणों सहित कई अन्य संदिग्धों की पहचान भी की गई है ।पुलिस अब इस गैंग के पीछे काम कर रहे मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है।
बड़ी बातें :
कॉलर कैमरा + वॉकी टॉकी के जरिए उत्तर भेजने की पहली हाईटेक कोशिश
NSUI कार्यकर्ताओं की सक्रियता से खुला नकल का खेल
सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जांच जारी
अब सवाल यह है कि –
क्या इस गैंग के तार और भी परीक्षाओं से जुड़े हैं?
क्या ‘मुन्ना बहन MBBS’ जैसे और किरदार सिस्टम को चकमा दे रहे हैं? पुलिस की जांच के बाद आने वाले दिन इस हाईटेक धोखाधड़ी के और राज खोल सकते हैं।
About The Author










































