प्रशासन चला रहा मुहिम, बिचौलिए चला रहे धंधा : हेलमेट किराए पर देकर उड़ाई सख्ती की धज्जियाँ
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद। जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जारी निर्देश”बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल” — अब मज़ाक बनकर रह गया है। एक ओर जहां प्रशासन सड़क हादसों को रोकने और हेलमेट की अनिवार्यता को सख्ती से लागू कराने की मुहिम चला रहा है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंपों के बाहर अब यह नियम कमाई का जरिया बनता नजर आ रहा है।

कैमरे में कैद हुई बिचौलियों की करतूत
नई पहल के पास मौजूद वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पेट्रोल पंप के बाहर कुछ लोग बिना हेलमेट आए लोगों को 20 रुपये में किराए पर हेलमेट दे रहे हैं। पेट्रोल भरवाने के बाद वही ग्राहक हेलमेट वहीं लौटा रहे हैं। यह सिलसिला खुलेआम जारी है न कोई रोक, न कोई टोक।

प्रशासन की सख्ती का निकल रहा तोड़
जिला प्रशासन की मंशा थी कि बिना हेलमेट पेट्रोल न मिलने की शर्त से लोगों में जागरूकता आएगी और वे खुद से सुरक्षा उपाय अपनाएंगे। परंतु बिचौलियों ने इस मुहिम को भी धंधे में तब्दील कर दिया है।

प्रशासन के आदेश को दिखाया जा रहा ठेंगा
यह घटना न केवल प्रशासनिक आदेश की अवहेलना है बल्कि सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे का मजाक भी है। नियम तोड़ने वालों को सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, चालान भी मिलना चाहिए, लेकिन फिलहाल पूरे मामले में नज़र है, लेकिन कार्रवाई नहीं।
अब सवाल उठता है कि :
क्या प्रशासन इन बिचौलियों पर कार्रवाई करेगा?
क्या सिर्फ हेलमेट पहन लेना ही पर्याप्त है, या उसकी गुणवत्ता और उद्देश्य भी देखना ज़रूरी है?
क्या पेट्रोल पंप संचालक इन गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद चुप हैं?


About The Author










































