गांधी परिवार ने दिया धोखा, कांग्रेस में तो कुछ मिलना नहीं… राजशाही का हिस्सा बेचकर देते तो शायद बन जाते CM
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर करने के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने इस पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें तंज भरे लहजे में ‘एक दिन का मुख्यमंत्री’ बनाने की पेशकश कर दी है।
सीएम पद पर चंद्राकर का तंज भरा ‘ऑफर’
कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के दौरान टीएस सिंहदेव ने कहा था कि ऐसा कौन होगा जो मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहेगा। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा:

”अब जैसे कलेक्टर एक दिन का बनना है, एक दिन का आर्मी में टोपी पहनना है, यह चलता है आप देखे होंगे फोटो। अब आ जाएं, हम उसको एक दिन विष्णु देव साय जी के कुर्सी में से बैठाकर सम्मान करके उठाके ले जाएंगे और क्या। यही है, कांग्रेस में तो उसको कुछ मिलना नहीं है।”
चंद्राकर ने आगे कहा कि किसी बच्चे की इच्छा पूरी करने के लिए जैसे ‘एक दिन का कलेक्टर’ या ‘एक घंटे के लिए मिलिट्री कैप मेजर’ बनाया जाता है, वैसे ही वह टीएस सिंहदेव का सम्मान करेंगे।
“हम लोग वैसे ही उसका सम्मान कर देंगे। हसरत है, हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए आदमी को, यही पूरा करना चाहिए।”
गांधी परिवार और ’50-50′ समझौते पर निशाना
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने इस दौरान टीएस सिंहदेव की पुरानी पीड़ा को भी कुरेदा और कांग्रेस आलाकमान पर हमला बोला। उन्होंने कहा:
”अब देखे तो हैं साहब, उसको गांधी परिवार ने धोखा दिया। खुद ही बोलते थे, आप भी रिकॉर्ड है, अंदर रिकॉर्ड भी बोल देते थे कि 50-50 का समझौता है वही करके।”
‘राजशाही का हिस्सा बेचते तो शायद बन जाते’
चंद्राकर ने आरोप लगाया कि अगर सिंहदेव अपनी कथित राजशाही का कुछ हिस्सा बेचकर ‘कुछ’ देते तो शायद वह मुख्यमंत्री बन जाते। उन्होंने परोक्ष रूप से पिछली कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री (भूपेश बघेल) को एटीएम बताते हुए कहा:
”अब ये, इसको भी अपनी राजशाही का कुछ हिस्सा बेच के कुछ देते तो शायद बन जाते। अब वो गद्दी में बैठ के पूरा पहुंचाए, एटीएम बन गए तो 5 साल पूरा कर लिए।”
‘बाबा जी से मेरी जान को खतरा’ बयान का ज़िक्र
अजय चंद्राकर ने पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान टीएस सिंहदेव की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एक समय उनकी हालत यह थी कि भूपेश बघेल के खास मंत्री ने ही यह कहा था कि “बाबा जी से मेरी जान को खतरा है करके।”
इस तरह, अजय चंद्राकर ने टीएस सिंहदेव की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा को लेकर कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी और पिछली घटनाओं को लेकर तंज कसते हुए एक बड़ा राजनीतिक हमला किया है।




About The Author














