
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। पेंड्रा | छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी की प्रतिमा चोरी के एक माह गुजर जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज़ जोगी परिवार और समर्थक आज गौरेला (ज्योतिपुर तिराहा) पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करेंगे। यह वही स्थान है जहां से 25 मई 2025 को असामाजिक तत्वों द्वारा जोगी जी की प्रतिमा चोरी कर ली गई थी।धरने में डॉ. रेणु जोगी, अमित जोगी सहित बड़ी संख्या में समर्थकों की उपस्थिति रहेगी। वे प्रशासन से यह मांग करेंगे कि न केवल प्रतिमा को पुनः स्थापित किया जाए, बल्कि दोषियों की पहचान कर उन पर शीघ्र कार्रवाई हो।
अमित जोगी का तीखा हमला : “ट्वीटर के घड़ियाल

इस घटनाक्रम को लेकर अमित अजीत जोगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2020 में जब अजीत जोगी का निधन हुआ था, तब विजय शर्मा (तब गृहमंत्री नहीं थे) ने श्रद्धांजलि देते हुए जो ट्वीट किया था, वह आत्मीय और सम्मानपूर्ण था। अब जबकि वे प्रदेश के गृहमंत्री और उप मुख्यमंत्री हैं, तो प्रतिमा चोरी पर चुप्पी और निष्क्रियता सवालों के घेरे में है।
अमित जोगी ने लिखा: “अगर आप आज भी उस श्रद्धा और सम्मान को जीवित रखते हैं, तो प्रतिमा को उसी स्थान पर पुनः स्थापित करिए, वरना जनता आपको ‘ट्विटर के घड़ियाल’ कहने लगेगी।”
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पुरानी पोस्ट भी आई चर्चा में
विजय शर्मा की 29 मई 2020 की एक पुरानी फेसबुक पोस्ट भी वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने अजीत जोगी जी को “अद्वितीय योद्धा, जननेता और प्रशासक” कहा था। उस पोस्ट में एक भावुक संस्मरण भी था कि किस तरह जोगी जी उन्हें विधानसभा में बोले गए श्लोक का अर्थ समझाते थे।
“सेतुबंध रामेश्वरम गंगा सागर संगमम्, मुच्यते सर्व पापेभ्यं न मुच्यते राज्यकृत्तमम्”
इस श्लोक के ज़रिए जोगी जी ने प्रशासनिक उत्तरदायित्व का महत्व बताया था।
एक महीने बाद भी न कोई गिरफ्तारी, न पुनः स्थापना
जोगी समर्थकों का आरोप है कि इस मामले में न तो प्रतिमा को दोबारा स्थापित किया गया और न ही दोषियों की गिरफ्तारी हुई है। इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।


#AjitJogi #VijaySharma #JogiFamilyProtest #TwitterVsGroundReality #MooratVivad #छत्तीसगढ़राजनीति #गौरेला_धरना
About The Author










































