वीडियो : तेज रफ्तार और नशे ने ली 4 जिंदगियां, युवती समेत 4 की दर्दनाक मौत

Share this post:

पेंड्रा में कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर

नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में बीती रात रफ्तार और नशे का कहर देखने को मिला, जब एक तेज रफ्तार कार ने दो अलग-अलग बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। यह हादसा पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबटिया-मझगवां मुख्य मार्ग पर सेवरा गांव के पास हुआ।

कार सवार शराब के नशे में था, दोनों साइड से मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का मुख्य आरोपी स्नेहिल गुप्ता, जो कि मरवाही निवासी है, नशे की हालत में कार चला रहा था। वह तेज रफ्तार से जा रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। उसने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, जिस पर गंगाराम उर्फ सागर और उसकी गर्लफ्रेंड सोनू केवट सवार थे। दोनों धनपुर से गिरारी लौट रहे थे। इस टक्कर में सागर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। इसके कुछ ही क्षण बाद, उसी कार ने बरघाट निवासी भूपेंद्र मराबी और रामावतार सिंह की बाइक को भी टक्कर मारी, जो महौरा गांव से दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इस दूसरी बाइक की भी हालत चकनाचूर हो गई और दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि बाइकें 20 से 50 मीटर दूर जा गिरीं

घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों बाइकें हवा में उछलकर 20 से 50 मीटर दूर जाकर गिरीं। बाइक के परखच्चे उड़ गए और शवों की हालत भी अत्यंत गंभीर पाई गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

कार चालक को मामूली चोटें, इलाज जारी

कार चालक स्नेहिल गुप्ता को भी हादसे में हल्की चोटें आई हैं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में गाड़ी चलाने की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने किया मर्ग कायम, गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज होगा

पेंड्रा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर लिया है। चौकी प्रभारी और मौके पर पहुंचे अन्य अधिकारियों ने बताया कि मामले में भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया जाएगा। नशे में गाड़ी चलाना, तेज रफ्तार से वाहन चलाना, और लापरवाही से चार लोगों की जान लेना अत्यंत गंभीर अपराध है।

परिजनों में कोहराम, गांवों में पसरा मातम

इस भीषण दुर्घटना के बाद गिरारी, बरघाट और धनपुर सहित संबंधित गांवों में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांवों में मातम पसरा हुआ है और लोग अवाक हैं कि कुछ ही क्षणों में चार परिवार उजड़ गए।

About The Author

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

RO No. 13820/1

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Nayi Pahal News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail