
एसपी अंकिता शर्मा ने किया नगरदा थाने का वार्षिक निरीक्षण, फरियादियों के साथ अभद्रता न करने के निर्देश
सक्ति। जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना नगरदा का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अभिलेख, मालखाना और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने मालखाने में जब्त माल को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। थाना स्टाफ को अपने-अपने बीट क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा। जुआ, सट्टा, अवैध शराब और गांजा जैसी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन अवैध कारोबारों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसपी ने थाना स्टाफ को फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि फरियादी न्याय की उम्मीद से थाने आते हैं। इसलिए उनके साथ किसी तरह की अभद्रता नहीं होनी चाहिए। थाना परिसर के निरीक्षण में एसपी ने साफ-सफाई और व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत भी किया।


About The Author










































