नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल गतिविधियों से प्रभावित कोन्टा-एर्राबोरा मार्ग पर एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया। जिस स्थान पर दो दिन पहले एक आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में कोंटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव गिरपून्जे शहीद हुए थे, उसी स्थान के पास एक और जिंदा आईईडी बरामद की गई। सुरक्षाबलों ने इस विस्फोटक को समय रहते सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर बड़ा हादसा टाल दिया।

दो दिन पहले शहीद हुए थे ASP आकाश राव

9 जून को कोंटा-एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा के समीप हुए नक्सली आईईडी हमले में ASP आकाश राव गिरपून्जे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वे उस समय क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा वाहन जलाने की घटना की जांच करने के लिए पैदल गश्त पर निकले थे। उनके साथ उप पुलिस अधीक्षक भानुप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल गवला और अन्य पुलिसकर्मी भी थे।
सर्च ऑपरेशन के दौरान रास्ते में बिछाई गई आईईडी में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें तीनों अधिकारी घायल हुए। गंभीर रूप से घायल ASP आकाश राव को उपचार के लिए तत्काल कोन्टा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
इलाके की पुनः सर्चिंग में मिली जिंदा IED
घटना के बाद सुरक्षाबलों द्वारा क्षेत्र में कड़ी सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। इसी क्रम में उसी मार्ग पर एक और सक्रिय आईईडी का पता चला, जिसे जवानों ने मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया। माना जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को दोहरी चोट पहुंचाने की मंशा से श्रृंखलाबद्ध आईईडी बिछा रखी थी।
नक्सलियों की कायराना हरकत, सुरक्षाबल सतर्क
नक्सलियों द्वारा बार-बार IED बिछाकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि वे अब सीधी मुठभेड़ से बचते हुए कायराना तरीकों से हमला कर रहे हैं। लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता और साहस ने इस बार एक और बड़ी क्षति से राज्य को बचा लिया।
शहीद ASP की शहादत से व्यथित प्रदेश
ASP आकाश राव गिरपून्जे की शहादत से पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। वे एक कर्मठ, जांबाज और जनता के बीच लोकप्रिय अधिकारी थे। सरकार ने उनके बलिदान को नमन करते हुए उनके परिजनों को सभी आवश्यक सहायता देने का भरोसा दिलाया है।
यह घटना एक बार फिर यह स्पष्ट करती है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सुरक्षाबलों को हर पल सतर्क रहना पड़ता है और उनका साहस ही प्रदेश की सुरक्षा की सबसे बड़ी ढाल है।


About The Author










































