विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री का ‘विकास एक्शन’, SC विकास प्राधिकरण मद से भुईगांव, हेडसपुर और मुलमुला में सामुदायिक भवन और मुक्तिधाम निर्माण होगा

नई पहल न्यूज नेटवर्क। पामगढ़। विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस विधायक शेषराज हरबंश के अथक प्रयासों के चलते क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण गांवों में विकास कार्यों के लिए 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विधायक हरबंश ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से राशि स्वीकृत करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने विपक्ष की विधायक की मांग को स्वीकार करते हुए त्वरित रूप से यह राशि जारी की है, जिससे भुईगांव, हेडसपुर और मुलमुला गांवों में सामाजिक सुविधाओं के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
विकास कार्यों का विवरण और प्राथमिकता
विधायक शेषराज हरबंश ने जानकारी दी कि अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से मिली कुल 30 लाख रुपये की राशि से पामगढ़ के इन तीन गांवों में महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे :
- ग्राम पंचायत भुईगांव: सामुदायिक भवन का निर्माण।
- ग्राम पंचायत हेडसपुर: सामुदायिक भवन का निर्माण।
- ग्राम पंचायत मुलमुला: मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निर्माण।
विधायक ने स्पष्ट किया कि इन निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिलने से स्थानीय निवासियों को सामाजिक समारोहों और अंतिम संस्कार जैसी अनिवार्य सुविधाओं के लिए बेहतर ढांचा उपलब्ध हो सकेगा।
मुख्यमंत्री और गुरु खुशवंत साहेब का आभार
विपक्ष से होने के बावजूद विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने में सफल रहीं विधायक हरबंश ने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कैबिनेट मंत्री और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब जी के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति दर्शाती है कि राज्य सरकार विकास के मुद्दे पर राजनीति से ऊपर उठकर कार्य कर रही है।
सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता
विधायक शेषराज हरबंश ने इस उपलब्धि पर सभी ग्रामवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा, “पामगढ़ के प्रत्येक गांव का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए मैं निरंतर प्रयासरत रहूंगी।” उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि वे लगातार विकास योजनाओं के लिए प्रयासरत रहेंगी।




About The Author














