सोशल मीडिया पर ‘वर्चुअल शादी’ कर ब्लैकमेल ! जशपुर पुलिस ने गोवा से भागे दुष्कर्म के दूसरे आरोपी को दबोचा

नई पहल न्यूज नेटवर्क। जशपुर। ऑनलाइन दोस्ती, वर्चुअल शादी और फिर ब्लैकमेलिंग के जरिए एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म कराने के सनसनीखेज मामले में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2022 से फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी दिलीप चौहान (उम्र 29 वर्ष) को पुलिस ने गोवा से लगातार पीछा करने के बाद आखिरकार कुनकुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला दिखाता है कि कैसे दूर बैठे साइबर अपराधी भोले-भाले लोगों को इमोशनल ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाकर घिनौने अपराध को अंजाम देते हैं। यह मामला सिर्फ दुष्कर्म का नहीं, बल्कि साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग और विश्वासघात की एक ऐसी कड़ियाँ है जिसे सुनकर लोग स्तब्ध हैं। थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत वर्ष 2021 में बिहार के कुंदन राज ने सोशल मीडिया पर एक 17 वर्षीय नाबालिग से दोस्ती की, प्यार का झांसा दिया और मोबाइल पर ही वर्चुअल शादी कर ली। इसके बाद, उसने वीडियो कॉल पर सुहागरात मनाने के नाम पर नाबालिग का अश्लील वीडियो बना लिया। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर कुंदन राज ने नाबालिग को अपने दोस्त दिलीप चौहान (फर्जी नाम दीपक यादव) के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया, जिसे वह वीडियो कॉल पर देखता रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज वारदात के दूसरे आरोपी दिलीप चौहान को भी पकड़ लिया है, जबकि कुंदन राज को पुलिस पहले ही पटना, बिहार से गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
अपराध का पूरा घटनाक्रम और ब्लैकमेलिंग का जाल
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित नाबालिग ने लोक-लाज के भय को तोड़कर अपनी बहन के साथ हिम्मत जुटाई और दिनांक 09.04.2022 को दुलदुला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
- जालसाज़ी: वर्ष 2021 में आरोपी कुंदन राज ने हाथ की नस काटने का ड्रामा रचकर नाबालिग को इमोशनल ब्लैकमेल किया और उसे दोस्ती के लिए मजबूर किया। वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान उसने शादी का झांसा देकर नाबालिग का अश्लील वीडियो बना लिया।
- माँग और मजबूरी: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कुंदन राज ने नाबालिग को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने अजीब मांग करते हुए अपने दोस्त दिलीप चौहान को सुहागरात के नाम पर नाबालिग के पास भेजा।
- दुष्कर्म और रिकॉर्डिंग: अक्टूबर 2021 में दिलीप चौहान (फर्जी नाम दीपक यादव) ने नाबालिग से दुष्कर्म किया, जिसे कुंदन राज वीडियो कॉल के माध्यम से लाइव देख रहा था।
- पर्दाफाश: जब कुंदन राज ने ब्लैकमेलिंग बंद नहीं की और अश्लील वीडियो पीड़िता की बड़ी बहन को भेज दिया, तब पीड़िता ने हिम्मत कर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की बड़ी सफलता: गोवा से भागा आरोपी कुनकुरी से धराया
- पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल IPC की धारा 376(2)(n), 354(क)(ग), 509(ब) समेत पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धारा 67(b) के तहत मामला दर्ज किया।
- वर्ष 2022 में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता कुंदन राज को पटना, बिहार से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
- दूसरा आरोपी दिलीप चौहान घटना के बाद से ही लगातार फरार था और अपने ठिकाने बदल रहा था।
- तकनीकी टीम और मुखबिरों की मदद से पुलिस को दिलीप चौहान के गोवा में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम गोवा भेजी गई, लेकिन शातिर आरोपी चकमा देकर भाग निकला।
- लगातार ट्रेसिंग के बाद, पुलिस ने आखिरकार फरार आरोपी दिलीप चौहान को कुनकुरी क्षेत्र से दबोचने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी दिलीप चौहान ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल और दुलदुला थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।



About The Author














