
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का बड़ा बयान 20 हजार करोड़ की योग अर्थव्यवस्था भारत की शक्ति का प्रतीक
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज भारत योग की विश्वगुरु भूमिका में आ खड़ा हुआ है। “21 जून को पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ की थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने जा रही है। ये भारत के आत्मबोध और विश्व सेवा की भावना का प्रतीक है।”

मोदी के प्रस्ताव को 175 देशों ने दिया था समर्थन
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 11 दिसंबर 2014 को जब प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा, तो उसे 175 देशों का समर्थन मिला। जो संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा समर्थन रहा।
योग बना 20 हजार करोड़ की अर्थव्यवस्था, भारत बन गया योग हब
मंत्री जायसवाल ने कहा कि भारत की योग आधारित अर्थव्यवस्था अब 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की हो चुकी है। आज दुनिया के 190 से ज्यादा देशों में भारत के 1 लाख से अधिक प्रमाणित योग शिक्षक काम कर रहे हैं। भारत अब सिर्फ योग सिखा नहीं रहा, योग जी रहा है।
कोनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को मिलेगा विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने घोषणा की कि बिलासपुर के कोनी स्थित मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, जिसकी नींव प्रधानमंत्री मोदी ने रखी थी, अब उच्चस्तरीय सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जाएगा। “स्वास्थ्य का सबसे मजबूत आधार जागरूकता है और योग इसी का सबसे सरल माध्यम है,” मंत्री जायसवाल ने कहा।
योग भगाए रोग, बनाये तन-मन स्वच्छ: मंत्री का संदेश
श्यामबिहारी जायसवाल ने योग को मानव जीवन का सहज समाधान बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि यह जीवन की वह प्रणाली है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलन में रखती है।
इस बार 10 विशेष आयोजनों से सजेगा योग दिवस
भारत सरकार ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए 10 प्रमुख आयोजनों की रूपरेखा तैयार की है, जिसमें:
10,000 स्थानों पर एक साथ सामूहिक योग प्रदर्शन
10 देशों के प्रतिष्ठित स्थलों पर “योग वंदन” आयोजन
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
देश भर में मेडिकल और योग कैंप
21 जून को क्यों चुना गया योग दिवस?
मंत्री जायसवाल ने बताया कि 21 जून साल का सबसे लंबा दिन होता है और इसी दिन से दक्षिणायन की शुरुआत होती है, जब मानव शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने लगती है।
About The Author










































