पहुंचविहीन क्षेत्र को विकास से जोड़ने की विधायक की पहल

नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। मैनपाट। छत्तीसगढ़ के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो ने एक बार फिर साबित किया कि वे न केवल जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि ज़मीन से जुड़े कर्मयोगी भी हैं। मैनपाट के परपटिया से जोकपानी तक सड़क निर्माण कार्य के भूमि पूजन अवसर पर उन्होंने खुद जेसीबी मशीन चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान गांव वालों में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक टोप्पो का जेसीबी चलाते वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिससे यह संदेश स्पष्ट गया है कि विकास की बुनियाद सड़क से ही शुरू होती है।

तीन पीढ़ियों से वंचित था सड़क का सपना
जोकपानी क्षेत्र मूलतः विशेष कोरवा जनजाति, माझी, और मझवार समाज का निवास स्थान है। इन ग्रामीणों की तीन पीढ़ियां गुजर गईं, लेकिन सड़क नाम की कोई सुविधा अब तक यहां नहीं पहुंची थी। रोजमर्रा के कार्यों, बीमार व्यक्तियों को अस्पताल तक ले जाने, और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में यहां के लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ता था। वाहन पहुंचते नहीं, इसलिए सुविधाएं भी नहीं पहुंचती थीं।

विधायक टोप्पो की दृढ़ पहल
विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ऐसे हर पहुंचविहीन क्षेत्र को चिन्हित कर सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया है। वे इस कार्य को मिशन की तरह ले रहे हैं — “अब सीतापुर में कोई गांव पहुंचविहीन नहीं रहेगा।” 11 जून की शाम को जब वे अपने सहयोगी दल के साथ जोकपानी पहुंचे, तो वहां उन्होंने 2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की भूमि पूजन की। इसके बाद जन प्रतिनिधि की जगह एक मशीन ऑपरेटर की भूमिका में आ गए और जेसीबी मशीन स्वयं चलाकर निर्माण का शुभारंभ किया।
ग्रामीणों में उम्मीद की लौ
इस क्षेत्र के आदिवासी समुदाय के लिए यह दिन इतिहास जैसा रहा। कई बुजुर्गों ने कहा कि: “हमने कभी सोचा नहीं था कि हमारे गांव में भी पक्की सड़क बनेगी… और वह भी हमारे सामने खुद विधायक जी जेसीबी चलाकर करेंगे…” स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने बताया कि अब उन्हें स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचने में राहत मिलेगी। साथ ही, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों का सीधा लाभ मिलने लगेगा।
एक जनप्रतिनिधि, एक मिशन
रामकुमार टोप्पो ने स्पष्ट किया कि:
“हमारा लक्ष्य है कि सीतापुर का कोई भी गांव, चाहे जितना भी दूर-दराज या वनवासी क्यों न हो, विकास की मुख्यधारा से न छूटे। सड़क नहीं होगी तो विकास की बात अधूरी रहेगी।”


About The Author










































