एसपी रजनेश सिंह का दावा : कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, छात्रों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देंगे

नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर। शहर में बढ़ती चाकूबाज़ी की घटनाओं पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई पूरी तरह तथ्यों और जांच पर आधारित होगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
छात्र सुरक्षित, अपराधी निशाने पर
एसपी ने कहा कि छात्रों के प्रति पुलिस का कोई पूर्वाग्रह नहीं है। यदि कोई छात्र या अन्य व्यक्ति अपराध में शामिल होगा, तो उसे कानून का सामना करना ही पड़ेगा। पुलिस का मकसद युवाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण देना है।
चाकूबाज़ी पर बड़ी कार्रवाई
अब तक 300 से अधिक मामलों में आर्म्स एक्ट की कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने ऑनलाइन तस्करी के दौरान 276 चाकू जब्त किए हैं, जबकि 36 चाकू बाहरी जिलों से आए अपराधियों से बरामद किए गए। सभी मामलों की जानकारी न्यायालय को सौंपी गई है और अदालत ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है।
भीड़ नहीं, संवाद से समाधान
एसपी ने नागरिकों से अपील की कि वे समस्याओं के समाधान के लिए भीड़ या नारेबाज़ी का सहारा न लें। उन्होंने कहा, “यदि 5–6 प्रतिनिधि ज्ञापन देंगे तो समाधान तेजी से संभव होगा। संवाद ही हर समस्या का रास्ता है।”
अफवाहों से दूर रहें, पुलिस का साथ दें
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मीडिया में चाकूबाज़ी की घटनाओं को अपेक्षा से अधिक उछाला जा रहा है, जबकि हालात पुलिस नियंत्रण में हैं। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से बचने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। एसपी श्री सिंह ने नशा, अवैध हथियार और अपराध पर रोक लगाना हमारी प्राथमिकता है। जनता और पुलिस मिलकर ही समाज को सुरक्षित बना सकते हैं

About The Author














