नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर। पूर्व विधायक शैलेश पांडेय को एक अज्ञात कॉलर द्वारा गंभीर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। कॉल में न केवल 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई, बल्कि सहकारिता उप पंजीयक मंजू पांडेय की बेटी को अगवा करने की धमकी भी दी गई। इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में सनसनी फैला दी है, क्योंकि मंजू पांडेय पूर्व विधायक की नजदीकी परिचित मानी जाती हैं।

पत्नी के मोबाइल पर आई धमकीभरी कॉल

जानकारी के अनुसार, यह धमकी शैलेश पांडेय की पत्नी के मोबाइल नंबर पर कॉल करके दी गई। कॉलर ने खुद को “बच्चू झा, बिहार” बताया और बेहद आपत्तिजनक भाषा में फिरौती की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी न होने पर गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।
थाने में दर्ज हुई शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
पूर्व विधायक ने सकरी थाना पहुंचकर इस गंभीर मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए IPC की धारा 296 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।
सुरक्षा बढ़ाई गई, प्रशासन सतर्क
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने शैलेश पांडेय तथा मंजू पांडेय के परिवार की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। साथ ही साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में शामिल कर दी गई है।


About The Author










































