सुपरहिट जोड़ी प्रणव झा और राज वर्मा की वापसी, दीपक साहू संग अरेंज और लव मैरिज का पारिवारिक ड्रामा

नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद/रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के सबसे सफल फिल्म सीरीज ‘बीए’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। ‘बीए फर्स्ट ईयर’, ‘बीए सेकंड ईयर’ और ‘बीए फाइनल ईयर’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद, निर्माता राज वर्मा और लेखक-निर्देशक प्रणव झा की सुपरहिट जोड़ी अपनी बहुप्रतीक्षित चौथी किस्त ‘एम ए प्रीवियस’ लेकर आ रही है। यह मनोरंजक पारिवारिक ड्रामा फिल्म 7 नवंबर को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। अरण्य सिनेमा बैनर तले बनी यह फिल्म अपनी रिलीज से पहले ही खूब सुर्खियां बटोर रही है। बता दें कि इस सीरीज की पहली दो फिल्मों ने यू-ट्यूब पर छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले रिकॉर्ड स्थापित किए हैं, जिसने ‘बीए’ सीरीज को एक सिनेमाई ब्रांड बना दिया है।
कहानी: भाई-भाई के बीच प्रेम विवाह बनाम अरेंज मैरिज का द्वंद्व
फिल्म के निर्देशक प्रणव झा ने कहानी का सार बताते हुए कहा कि यह फिल्म दो भाइयों के खूबसूरत और उलझे हुए रिश्ते पर आधारित है।
”कहानी में बड़ा भाई एक प्रोफेसर है, जबकि छोटा भाई ‘एम ए प्रीवियस’ का छात्र है। दोनों के बीच अरेंज मैरिज और लव मैरिज को लेकर अलग-अलग विचारधाराओं का मुख्य द्वंद्व है। इसी रोचक ताने-बाने को हास्य, परिवार और भावनाओं के साथ बड़े पर्दे पर उतारा गया है।”
यह कहानी दर्शकों को हंसाएगी भी, रुलाएगी भी और अंत में एक मजबूत पारिवारिक संदेश भी देगी।

प्रमोशन: 4 नवंबर को सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर्स से मीटअप
फिल्म की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए, आगामी 4 नवंबर को फिल्म प्रमोशन के तहत रायपुर के स्थानीय बेबीलोन इन होटल में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर्स के लिए एक विशेष मीटअप का आयोजन किया गया है। यह आयोजन फिल्म के कलाकारों और क्रू के साथ सीधे संवाद का मौका देगा।
दमदार स्टारकास्ट और संगीत की धाक
फिल्म में छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरस्टार दीपक साहू और निर्माता-अभिनेता राज वर्मा की दमदार जोड़ी एक बार फिर मुख्य भूमिका में दिखाई देगी। उनके साथ ओड़िसा की सुपरस्टार हिरनमई दास और नवोदित अभिनेत्री व प्रसिद्ध इंस्टाग्रामर आराधना साहू भी लीड रोल में हैं। फिल्म का संगीत सुनील सोनी ने तैयार किया है, जिसे सुनील सोनी, अनुराग शर्मा, चंपा निषाद और कंचन जोशी ने आवाज दी है। सुंदरानी यू-ट्यूब चैनल पर रिलीज हुए गाने पहले ही लाखों व्यूज बटोर चुके हैं और इन पर हजारों इंस्टाग्राम रील्स बन रही हैं, जो फिल्म की लोकप्रियता का प्रमाण है।



About The Author














