दीपावली से पहले सौंदर्यीकरण का बड़ा अभियान, रविशंकर विवि से तेलीबांधा मार्ग अब ‘नो फ्लेक्स ज़ोन’ घोषित

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। महापौर मीनल चौबे ने रविवार सुबह नगर निगम क्षेत्र के दौरे पर एक बड़ा और अनुकरणीय कदम उठाया। उन्होंने दीपावली के पूर्व नगर निगम की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए रविशंकर विश्वविद्यालय से लेकर तेलीबांधा तक के पूरे मुख्य मार्ग को ‘नो फ्लेक्स ज़ोन’ घोषित कर दिया। इस अभियान की शुरुआत उन्होंने किसी और के नहीं, बल्कि स्वयं उनके जन्मदिन (16 अक्टूबर) पर समर्थकों द्वारा लगाए गए फ्लेक्स और पोस्टरों को हटवाकर की, जो एक मिसाल बन गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महापौर मीनल चौबे ने दीपावली से पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में यह सख्त कदम उठाया है। उन्होंने इस पूरे मार्ग के डिवाइडरों पर लगे सभी अनधिकृत फ्लेक्स, बैनर और विज्ञापन हटाने के निर्देश निगम अमले को दिए। अधिकारियों को मार्ग की संपूर्ण सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

महापौर की विनम्र अपील
इस पहल के साथ ही महापौर मीनल चौबे ने समस्त नागरिकों, व्यापारी बंधुओं और संस्थाओं से विनम्र अनुरोध करते हुए कहा है कि, “कृपया इस मार्ग में किसी भी प्रकार के फ्लेक्स या विज्ञापन डिवाइडरों पर न लगाएँ। यह सम्पूर्ण मार्ग ‘नो फ्लेक्स ज़ोन’ घोषित किया गया है। महापौर ने शहरवासियों से अपील की, “आइए, इस दीपावली पर हम सब मिलकर अपने रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाएं। उनकी यह कार्रवाई न केवल शहर की स्वच्छता के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाती है, बल्कि राजनीतिक शुचिता का एक बेहतरीन उदाहरण भी पेश करती है, जहां उन्होंने ‘नियम सबसे पहले खुद पर लागू’ करने की नीति अपनाई है। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन और शहरवासी इस ‘नो फ्लेक्स ज़ोन’ के नियम का पालन किस हद तक सुनिश्चित करते हैं।




About The Author














