ट्रक का कोयला और वाहन का एक बड़ा हिस्सा जला, पास खड़े अन्य वाहन बचाए
कोरबा। एसईसीएल गेवरा खदान में एक और हादसा सामने आया है। कोयले से भरी एक ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना सैंपल चेकिंग के दौरान हुई, जब ट्रक लाइन में खड़ा था। आग लगने के बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। एसईसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि इससे पहले ट्रक का कोयला और वाहन का एक बड़ा हिस्सा जल चुका था।


घटनास्थल पर कई अन्य कोयला लदे ट्रक भी खड़े थे। आग के फैलने का खतरा देखते हुए सभी वाहनों को तुरंत वहां से हटा दिया गया। चालक ने कंपनी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, कई बार साइडिंग से जलता हुआ या गर्म कोयला लोड किया जाता है। इसी वजह से पहले भी ट्रकों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले इसी खदान में एक अन्य हादसे में कोयला चोरी के प्रयास में दो युवकों की मौत हुई थी और एक गंभीर रूप से घायल हुआ था।ये लगातार हो रही घटनाएं एसईसीएल गेवरा खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।


About The Author










































