आपकी सेवा अनमोल थी… पुलिस परिवार हमेशा आपके साथ है : एसपी अंकिता शर्मा

नई पहल न्यूज नेटवर्क। सक्ती। समर्पण और कर्तव्य की मिसाल बने पुलिस विभाग के चार अधिकारियों/कर्मचारियों को सक्ति पुलिस ने सोमवार को ससम्मान विदाई दी। थाना डभरा के उप निरीक्षक चिंतामणी मालाकार, थाना नगरदा के सहायक उप निरीक्षक श्याम कुमार राठौर, रक्षित केंद्र के प्रधान आरक्षक समय लाल यादव, और आरक्षक दयाशंकर देवांगन के सेवानिवृत्त होने पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
सम्मान का क्षण – जब वर्दी को सलाम मिला

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने स्वयं सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। उन्होंने कहा, आपने जो वर्षों तक विभाग और समाज की सेवा की है, वह गौरव की बात है। यह सम्मान एक परिवार के सदस्य को विदा करने जैसा है।
अनुभवों ने किया भावुक
सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस सेवा चुनौतीपूर्ण तो रही, लेकिन इसमें जो अपनापन, कर्तव्यबोध और सामाजिक सम्मान मिला, वो जीवन भर स्मरणीय रहेगा।

एक दिन में पूर्ण लाभ वितरण की मिसाल
एसपी अंकिता शर्मा की विशेष पहल पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति से जुड़े समस्त लाभ उसी दिन प्रदान कर दिए गए। साथ ही किसी प्रकार की देरी या लंबित कार्य न रखने के निर्देश भी कार्यालयीन स्टाफ को दिए गए।
उपस्थिति में रहे कई अधिकारी
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, उप पुलिस अधीक्षक अंजली गुप्ता, रक्षित निरीक्षक उमेश राय, स्टेनो इंस्पेक्टर वाय.एन. शर्मा, और पुलिस लाइन एवं एसपी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल रहे।
“हमारे विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारी हमारे मार्गदर्शक हैं। किसी भी समय, किसी भी जरूरत पर वे हमसे निःसंकोच संपर्क कर सकते हैं। पुलिस विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।”
अंकिता शर्मा
एसपी


About The Author










































